Economic ties with the US are now weak, reforms are necessary: Canadian Prime Minister Carney
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने रविवार को जारी एक वीडियो संदेश में कहा कि अमेरिका के साथ कनाडा के मजबूत आर्थिक संबंध, जो पहले एक ताकत माने जाते थे, अब कमजोरी बन गए हैं और इसमें सुधार की आवश्यकता है।
कार्नी ने 10 मिनट के इस संबोधन में कहा कि सरकार कनाडा की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, नए निवेश आकर्षित करने और अन्य देशों के साथ व्यापार समझौते करने पर काम कर रही है।
उन्होंने कहा, "दुनिया अधिक असुरक्षित और विभाजित हो गई है। अमेरिका ने व्यापार के प्रति अपना रुख पूरी तरह बदल दिया है और शुल्क बढ़ा दिए हैं, जो महामंदी के समय के बाद सबसे ऊंचे स्तर पर हैं।"
कार्नी ने कहा, "अमेरिका के साथ घनिष्ठ संबंधों पर आधारित हमारी कई पुरानी ताकतें अब कमजोरियों में बदल गई हैं, जिन्हें हमें सुधारना होगा।"
उन्होंने कहा कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए शुल्क का असर वाहन और इस्पात उद्योग के श्रमिकों पर पड़ा है।
कनाडा के प्रधानमंत्री ने कहा कि अनिश्चितता के माहौल के कारण कंपनियां निवेश करने से हिचक रही हैं।
उन्होंने यह भी कहा कि कई कनाडाई नागरिक ट्रंप की उस टिप्पणी से नाराज हैं, जिसमें उन्होंने कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बनाने का सुझाव दिया था।
कार्नी ने कहा कि वह सरकार के प्रयासों पर नियमित जानकारी देते रहेंगे, ताकि कनाडा अमेरिकी निर्भरता से बाहर निकल सके।
उन्होंने कहा, “हम अपनी सुरक्षा, सीमाओं और भविष्य के लिए केवल आशा पर निर्भर नहीं रह सकते।”