पृथ्वी अवलोकन उपग्रह ‘निसार’ 30 जुलाई को प्रक्षेपित किया जाएगा: इसरो अध्यक्ष

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 28-07-2025
Earth observation satellite 'NISAR' will be launched on July 30: ISRO Chairman
Earth observation satellite 'NISAR' will be launched on July 30: ISRO Chairman

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
पृथ्वी का अवलोकन करने वाले उपग्रह ‘नासा-इसरो सिंथेटिक अपर्चर रडार’ (निसार) को जीएसएलवी-एस16 रॉकेट के माध्यम से 30 जुलाई को अंतरिक्ष में प्रक्षेपित किया जाएगा। भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) के अध्यक्ष वी. नारायणन ने यह जानकारी दी.
 
‘निसार’ का वजन 2,392 किलोग्राम है। यह पृथ्वी का अवलोकन करने वाला उपग्रह है. यह ऐसा पहला उपग्रह है, जो दोहरे आवृत्ति सिंथेटिक अपर्चर रडार (नासा का एल-बैंड और इसरो का एस-बैंड) के साथ पृथ्वी का निरीक्षण करेगा.
 
अंतरिक्ष एजेंसी के अनुसार, ऐसा पहली बार होगा जब यह उपग्रह ‘स्वीप एसएआर’ प्रौद्योगिकी का उपयोग करते हुए 242 किलोमीटर के दायरे और उच्च स्थानिक विभेदन क्षमता के साथ पृथ्वी का निरीक्षण करेगा.
 
किसी तस्वीर के संबंध में उच्च स्थानिक विभेदन क्षमता का उपयोग होता है, जिसमें तस्वीर में बारीक से बारीक विवरण को साफ-साफ देखा जा सकता है.
 
इस उपग्रह को श्रीहरिकोटा स्थित सतीश धवन अंतरिक्ष केंद्र से प्रक्षेपित किया जाएगा.
 
इसरो के अध्यक्ष वी. नारायणन ने कहा, ‘‘इसरो और नेशनल एयरोनॉटिक्स एंड स्पेस एडमिनिस्ट्रेशन (नासा) द्वारा संयुक्त रूप से तैयार किए गए पृथ्वी अवलोकन उपग्रह को 30 जुलाई को भारत में बने जीएसएलवी-एस16 रॉकेट के जरिए अंतरिक्ष में भेजा जाएगा.’’
 
उन्होंने रविवार रात यहां हवाई अड्डे पर संवाददाताओं को बताया, ‘‘इस उपग्रह को 740 किलोमीटर की ऊंचाई पर प्रक्षेपित किया जाएगा। यह उपग्रह किसी भी मौसम में और दिन-रात 24 घंटे पृथ्वी की तस्वीरें ले सकता है। यह भूस्खलन का पता लगाने, आपदा प्रबंधन में मदद करने और जलवायु परिवर्तन की निगरानी करने में भी सक्षम है.