पाक प्रायोजित आतंकवाद पर जागरूकता फैलाने मॉस्को पहुँचा भारतीय सांसदों का प्रतिनिधिमंडल

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 23-05-2025
Delegation of Indian MPs reached Moscow to spread awareness on Pak sponsored terrorism
Delegation of Indian MPs reached Moscow to spread awareness on Pak sponsored terrorism

 

मॉस्को

पाकिस्तान प्रायोजित सीमा पार आतंकवाद को अंतरराष्ट्रीय मंचों पर उजागर करने के उद्देश्य से भारतीय सांसदों का एक बहुदलीय प्रतिनिधिमंडल गुरुवार रात मॉस्को पहुँचा। इस प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व द्रविड़ मुनेत्र कषगम (DMK) की लोकसभा सांसद कनिमोई कर रही हैं। यह दौरा पांच देशों की यात्रा का पहला चरण है।

गौरतलब है कि हाल ही में जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान चली गई थी, जिसके बाद भारत ने वैश्विक स्तर पर पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद के खिलाफ अभियान तेज किया है।

मॉस्को के दोमोदेदोवो अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भारतीय राजदूत विनय कुमार और अन्य अधिकारियों ने कनिमोई और प्रतिनिधिमंडल के सदस्यों का औपचारिक स्वागत किया।

भारतीय दल शुक्रवार को रूसी संसद ‘ड्यूमा’ के सांसदों, रूस के विदेश मंत्रालय के वरिष्ठ अधिकारियों और स्थानीय थिंक टैंक के विशेषज्ञों से मुलाकात करेगा। इस यात्रा के अगले चरण में प्रतिनिधिमंडल यूनान, लातविया और स्पेन का दौरा भी करेगा, जहां इसी मुद्दे पर बातचीत की जाएगी।