नई दिल्ली
मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने मक्का मुकर्रमा के पास एक ड्रोन को रोके जाने की घटना पर चिंता जताई है। उन्होंने कहा कि दुनिया भर के मुसलमानों के लिए सबसे पवित्र शहर की सुरक्षा और पवित्रता को खतरे में डालने वाली किसी भी कोशिश को किसी भी रूप में स्वीकार नहीं किया जा सकता।
अनवर इब्राहिम ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा कि वह मक्का के पास ड्रोन को सफलतापूर्वक रोके जाने से जुड़ी रिपोर्टों पर नजर रख रहे हैं। उन्होंने इस मामले में सऊदी अरब की सरकार के प्रति मलेशिया का समर्थन व्यक्त किया और मक्का में रहने वाले लोगों तथा जायरीनों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए सऊदी अधिकारियों की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
उन्होंने कहा कि यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि क्षेत्र में तनाव को और बढ़ाने वाली किसी भी कार्रवाई से बचने की जरूरत है। मलेशिया ने सार्वजनिक स्थानों पर होने वाले सभी हमलों को तत्काल रोकने की अपील की है। साथ ही ऐसे किसी भी कदम से बचने का आह्वान किया है, जिससे पवित्र स्थलों की सुरक्षा और पवित्रता को खतरा पैदा हो।
अनवर इब्राहिम ने सभी संबंधित पक्षों से तनाव कम करने के लिए बातचीत और शांतिपूर्ण रास्ता अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि सभी पक्षों को बिना देरी किए संवाद के जरिए समाधान तलाशना चाहिए और क्षेत्र में बढ़ते तनाव को कम करने के प्रयास करने चाहिए।