राष्ट्रीय स्पेस डे पर अमित शाह का संदेश: “ISRO ने भारत के सपनों को हकीकत में बदला”

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-08-2025
Amit Shah's message on National Space Day:
Amit Shah's message on National Space Day: "ISRO turns India's dreams into reality"

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
गृह मंत्री अमित शाह ने शनिवार को राष्ट्रीय स्पेस डे के अवसर पर भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) और उसके वैज्ञानिकों को बधाई दी. इस मौके पर उन्होंने चंद्रयान-3 मिशन की सफलता को याद करते हुए कहा कि इस ऐतिहासिक उपलब्धि ने हर भारतीय का सीना गर्व से चौड़ा कर दिया.
 
अमित शाह ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर लिखा, “राष्ट्रीय स्पेस डे पर जब हम उस ऐतिहासिक क्षण को याद करते हैं जब चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफल लैंडिंग की थी, तो हर भारतीय का दिल गर्व से भर उठता है. मैं ISRO के उन प्रतिभाशाली वैज्ञानिकों को हार्दिक बधाई देता हूं जिनकी अथक मेहनत और समर्पण ने यह उपलब्धि संभव बनाई.
 
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में भारत ने अंतरिक्ष विज्ञान की नई सीमाओं को छुआ है. “मोदी जी के नेतृत्व में यह मिशन न सिर्फ अंतरिक्ष की नई सीमाओं तक पहुंचा है, बल्कि हमारे युवाओं में नवाचार और उद्देश्य की नई ऊर्जा भी जगाई है,” शाह ने लिखा गृह मंत्री ने यह भी विश्वास जताया कि भारत आने वाले समय में भी अपने अंतरिक्ष सपनों को साकार करता रहेगा.
 
“चंद्रयान-3 से लेकर आदित्य मिशन और आगे आने वाले कई अभियानों तक, ISRO लगातार भारत की आकांक्षाओं को हकीकत में बदल रहा है. अटूट संकल्प, प्रतिभा और अद्वितीय राष्ट्रीय गौरव के साथ,” उन्होंने कहा गौरतलब है कि 23 अगस्त 2023 को भारत ने ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की थी, जब चंद्रयान-3 ने चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर सफलतापूर्वक सॉफ्ट लैंडिंग की थी. इस सफलता के बाद भारत दुनिया का चौथा देश बना जिसने चंद्रमा पर सफलतापूर्वक उतरने का कारनामा किया और पहला देश जिसने दक्षिणी ध्रुव पर कदम रखा.
 
इसी उपलब्धि को सम्मान देने के लिए प्रधानमंत्री मोदी ने हर साल 23 अगस्त को राष्ट्रीय स्पेस डे के रूप में मनाने की घोषणा की थी. पहला राष्ट्रीय स्पेस डे 2024 में मनाया गया था, जिसकी थीम थी. “टचिंग लाइव्स व्हाइल टचिंग द मून: इंडिया’स स्पेस सागा”.
 
इस वर्ष 2025 की थीम है “आर्यभट्ट से गगनयान तक: प्राचीन ज्ञान से असीम संभावनाओं तक”. यह थीम भारत की उस विरासत को रेखांकित करती है, जिसमें प्राचीन खगोलविदों की गहरी समझ से लेकर आधुनिक मानव अंतरिक्ष यात्रा तक की रोमांचक यात्रा शामिल है.