आवाज द वाॅयस / हॉस्टन
फीफा वर्ल्ड कप 2026 का पहला बड़ा उलटफेर हो चुका है। सह-मेजबान कनाडा का फुटबॉल विश्व कप जीतने का सपना टूट गया है। शनिवार को हॉस्टन स्टेडियम में खेले गए राउंड ऑफ 16 के नॉकआउट मुकाबले में मोरक्को ने कनाडा को 3-0 से हरा दिया। इस करारी शिकस्त के साथ ही कनाडा टूर्नामेंट से बाहर होने वाला पहला सह-मेजबान देश बन गया है। वहीं 2022 की सेमी-फाइनलिस्ट मोरक्को की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए शान से क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली है। अब अंतिम 8 में मोरक्को का सामना फ्रांस या परागुए से होगा।
अजेदीन ओनाही का डबल धमाका
मैच का पहला हाफ काफी सुस्त रहा। दोनों टीमों के खिलाड़ी गोल दागने से ज्यादा फाउल करते नजर आए। रेफरी माइकल ओलिवर ने पहले हाफ में ही 6 खिलाड़ियों को येलो कार्ड दिखाए। इसमें मोरक्को के 4 खिलाड़ी शामिल थे। पहले हाफ तक स्कोर 0-0 की बराबरी पर था। लेकिन दूसरे हाफ में मोरक्को की टीम पूरी तरह बदली हुई नजर आई।
मैच के 50वें मिनट में स्टार मिडफील्डर अजेदीन ओनाही ने मैच का पहला गोल दागा। मोरक्को के कप्तान अशरफ हकीमी ने एक बेहतरीन लो फ्री-किक पास ओनाही को दिया। बॉक्स के ठीक बाहर खड़े ओनाही ने बिना कोई गलती किए गेंद को गोल पोस्ट के अंदर भेज दिया। कनाडा के गोलकीपर मैक्सिम क्रेप्यू इस शॉट को भांप नहीं पाए।
कनाडा की टीम ने बराबरी के लिए काफी जोर लगाया। जेसी मार्श की कोचिंग में खेल रही कनाडाई टीम ने मोरक्को के डिफेंस पर कई हमले किए। लेकिन मैच के 82वें मिनट में ओनाही ने काउंटर अटैक पर एक और शानदार गोल दागकर कनाडा की उम्मीदों पर पानी फेर दिया।
Morocco are the greatest African team in history, no other national team comes close pic.twitter.com/SXu7KaH8cP
— Anabella💙❤️ (@AnabellaMarvy) July 4, 2026
सुफियान रहीमी ने दागा आखिरी ताबूत
मोरक्को के कोच मोहम्मद वाहबी को मैच के 20वें मिनट में एक बड़ा झटका लगा था। स्टार खिलाड़ी इस्माइल सैबारी चोटिल होकर मैदान से बाहर चले गए। उनकी जगह सुफियान रहीमी को मैदान पर रिप्लेसमेंट के तौर पर भेजा गया। रहीमी ने कोच के इस फैसले को सही साबित किया। मैच के एक्स्ट्रा टाइम यानी 98वें मिनट में सुफियान रहीमी ने मैच का तीसरा गोल दागकर कनाडा की विदाई तय कर दी।
Marrakesh celebrates Morocco's advance to the World Cup quarterfinals. pic.twitter.com/Tjpq7lGhoQ
— Open Source Intel (@Osint613) July 4, 2026
कनाडा का ऐतिहासिक सफर थमा
कनाडा के फुटबॉल इतिहास के लिए यह अब तक का सबसे बड़ा मुकाबला था। हॉस्टन स्टेडियम में 68,777 दर्शकों की भारी भीड़ मौजूद थी। स्टेडियम में मोरक्को के फैंस की संख्या बहुत ज्यादा थी। इसके बावजूद कनाडा ने शुरुआती 20 मिनट में कमाल का खेल दिखाया। तानी ओलुवासेयी ने मैच के 10वें मिनट में मोरक्को के गोलकीपर यासीन बोनो को एक शानदार सेव करने पर मजबूर कर दिया था। इसके बाद डिफेंडर एलिस्टेयर जॉनसन भी हेडर से गोल करने से चूक गए।

कनाडा पहली बार वर्ल्ड कप के नॉकआउट स्टेज तक पहुंचा था। टीम ने इस टूर्नामेंट में अपनी पहली जीत भी दर्ज की थी। लेकिन मोरक्को के क्लीनिकल खेल के सामने उनका यह ऐतिहासिक सफर यहीं खत्म हो गया। हॉस्टन में खेले गए इस मुकाबले के साथ ही अमेरिका के 250वें जन्मदिन का जश्न भी फीका पड़ गया।
अब फुटबॉल फैंस की नजरें मोरक्को के क्वार्टर फाइनल मैच पर टिकी हैं। क्या अफ्रीकी लायंस 2022 का इतिहास दोहरा पाएंगे, यह देखना दिलचस्प होगा।