विराट कोहली ने रचा इतिहास, रन चेज में जोस बटलर की बराबरी

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  [email protected] | Date 14-05-2026
Virat Kohli Creates History, Equals Jos Buttler in Run Chases.
Virat Kohli Creates History, Equals Jos Buttler in Run Chases.

 

रायपुर में खेले गए आईपीएल 2026 के अहम मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज Virat Kohli ने एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ शानदार शतक लगाकर उन्होंने आईपीएल इतिहास में रन चेज के दौरान सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में इंग्लैंड के बल्लेबाज Jos Buttler की बराबरी कर ली।

विराट ने 60 गेंदों में नाबाद 105 रन की तूफानी पारी खेली। उनकी इस पारी में 11 चौके और तीन छक्के शामिल रहे। उन्होंने 175 की स्ट्राइक रेट से बल्लेबाजी करते हुए एक बार फिर साबित किया कि लक्ष्य का पीछा करने में उनका जवाब नहीं है। यह आईपीएल में रन चेज के दौरान उनका तीसरा शतक था। इसी के साथ वह इस खास सूची में जोस बटलर के बराबर पहुंच गए।

विराट का रिकॉर्ड बताता है कि लक्ष्य का पीछा करते समय उनका प्रदर्शन कितना खास रहा है। आईपीएल में रन चेज के दौरान उन्होंने 138 मैचों की 131 पारियों में 4285 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 42.42 और स्ट्राइक रेट 136.42 का रहा है। उन्होंने तीन शतक और 29 अर्धशतक भी लगाए हैं।

अगर सफल रन चेज की बात करें तो विराट का रिकॉर्ड और भी शानदार नजर आता है। जीत दिलाने वाली पारियों में उन्होंने 76 मैचों में 2784 रन बनाए हैं। इस दौरान उनका औसत 63.27 और स्ट्राइक रेट 142.69 का रहा है।

विराट आरसीबी के लिए बड़े लक्ष्य हासिल करने में हमेशा अहम भूमिका निभाते रहे हैं। टीम के आईपीएल इतिहास के छह सबसे बड़े सफल रन चेज में उन्होंने महत्वपूर्ण योगदान दिया है। इनमें 2025 में लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ 228 रन के लक्ष्य में 54 रन, 2026 में गुजरात टाइटंस के खिलाफ 206 रन के लक्ष्य में 81 रन और इसी सीजन सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 202 रन के लक्ष्य में नाबाद 69 रन शामिल हैं। अब कोलकाता के खिलाफ 193 रन का पीछा करते हुए उनका शतक भी इसी सूची में जुड़ गया है।

इन छह बड़ी पारियों में विराट ने कुल 395 रन बनाए हैं। उनका औसत 197.50 और स्ट्राइक रेट 173 से ज्यादा का रहा है। इसमें एक शतक और चार अर्धशतक शामिल हैं।

इस मैच में विराट ने एक और उपलब्धि हासिल की। उन्होंने आईपीएल में भारतीय खिलाड़ियों के बीच सबसे ज्यादा ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीतने के मामले में Rohit Sharma की बराबरी कर ली। अब दोनों के नाम 21 पुरस्कार हो गए हैं।

मैच की बात करें तो आरसीबी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। कोलकाता की शुरुआत अच्छी नहीं रही और टीम 48 रन पर दो विकेट गंवा चुकी थी। इसके बाद अंगकृष रघुवंशी ने 46 गेंदों में नाबाद 71 रन और रिंकू सिंह ने 32 गेंदों में 49 रन की अहम पारी खेली। दोनों की बदौलत केकेआर ने 20 ओवर में 192 रन बनाए।

आरसीबी की ओर से जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार और भुवनेश्वर कुमार को एक एक विकेट मिला।

193 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बेंगलुरु की शुरुआत ज्यादा अच्छी नहीं रही। जैकब बेथेल सिर्फ 15 रन बनाकर आउट हो गए। इसके बाद विराट और देवदत्त पडिक्कल ने पारी संभाली। दोनों के बीच 92 रन की साझेदारी हुई। पडिक्कल ने 27 गेंदों में 39 रन बनाए।

आखिरी ओवरों में विराट पूरी तरह कोलकाता के गेंदबाजों पर हावी दिखे। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत आरसीबी ने 19.1 ओवर में चार विकेट खोकर मैच जीत लिया।

इस जीत के साथ आरसीबी अंक तालिका में फिर शीर्ष पर पहुंच गई है। टीम के अब 16 अंक हो गए हैं। वहीं केकेआर की प्लेऑफ की उम्मीदों को बड़ा झटका लगा है। अब उसे बाकी तीन मुकाबले हर हाल में जीतने होंगे।