सुदर्शन शतक से चूके, राहुल के नाबाद अर्धशतक से भारत के चाय तक दो विकेट पर 209 रन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 06-06-2026
Sudarshan missed out on a century, Rahul's unbeaten half-century took India to 209 for two at tea.
Sudarshan missed out on a century, Rahul's unbeaten half-century took India to 209 for two at tea.

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 साई सुदर्शन शतक से चूक गए लेकिन सलामी बल्लेबाज लोकेश राहुल ने नाबाद अर्धशतक जड़ा जिससे भारत ने शनिवार को यहां अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट के पहले दिन चाय तक दो विकेट पर 209 रन बनाए।
 
मुख्य कोच गौतम गंभीर ने भरोसा दिखाते हुए सुदर्शन को एक बार फिर तीसरे नंबर पर मौका दिया और उन्होंने दो जीवनदान का फायदा उठाते हुए 104 गेंद में 13 चौकों से 81 रन बनाए लेकिन अपने पहले टेस्ट शतक से चूक गए।
 
अनुभवी राहुल ने भी किस्मत के सहारे नाबाद 81 रन बनाए लिए हैं और 68वें टेस्ट मैच में 12वें शतक की ओर बढ़ रहे हैं।
 
चाय के समय कप्तान शुभमन गिल 20 रन बनाकर राहुल का साथ निभा रहे थे।
 
राहुल और सुदर्शन की जोड़ी ने इससे पहले 185 गेंद में 139 रन जोड़े। तमिलनाडु के बाएं हाथ के बल्लेबाज को उनकी पारी के दौरान दिखाए गए जज्बे के लिए श्रेय दिया जाना चाहिए।
 
बीच-बीच में सुदर्शन से कुछ चूकें हुईं। कुछ शॉट विकेटकीपर और पहली स्लिप के बीच खाली जगह से निकल गए जिन्हें आमतौर पर पकड़ा जा सकता था। सुदर्शन ने अधिकतर चौके मिडविकेट क्षेत्र में जड़े। उनका तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम की गेंद पर लगाया गया स्ट्रेट ड्राइव देखने लायक था।
 
सुदर्शन हालांकि सलीम की ही गेंद पर विकेटकीपर जजाई को कैच देकर पवेलियन लौट गए।
 
राहुल ने सपाट लग रही पिच पर शानदार शॉट खेले। उन्होंने अफगानिस्तान के प्रभावी गेंदबाजी आक्रमण के सामने मजबूत डिफेंस का नजारा भी पेश किया।
 
सुदर्शन को भी शुरुआत में जीवनदान मिला जब पदार्पण कर रहे बाएं हाथ के स्पिनर नांगेयालिया खरोटे की गेंद पर रहमानुल्लाह गुरबाज ने पहली स्लिप में उनका कैच टपका दिया।
 
हालांकि जायसवाल को मलाल रहेगा कि वह अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और साधारण शॉट खेलकर अपना विकेट गंवा बैठे।
 
दाएं हाथ के तेज गेंदबाज मोहम्मद सलीम की गेंद थोड़ी अधिक उछली और जायसवाल ने उसे अपने कूल्हे के पास से फाइन लेग की तरफ मोड़ने की कोशिश की लेकिन गेंद बल्ले को हल्का सा छूकर विकेटकीपर के हाथों में चली गई।
 
उससे पिछले ओवर में राहुल भाग्यशाली रहे जब जियाउर रहमान की गेंद पर विकेटकीपर जजाई ने अपील नहीं की। रीप्ले में दिखा कि राहुल के बल्ले का किनारा लगा था लेकिन विकेटकीपर के अपील नहीं करने के कारण वह बच गए। जियाउर तीनों तेज गेंदबाजों में सबसे असरदार लग रहे थे।
 
जायसवाल ने आउट होने से पहले कुछ अच्छे शॉट खेले और ऑन ड्राइव, स्ट्रेट ड्राइव और मिडविकेट की तरफ चौके जड़े।