आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय टी20 क्रिकेट में शनिवार को बदलाव की नई बयार देखने को मिली जब श्रेयस अय्यर को सूर्यकुमार यादव की जगह राष्ट्रीय टी20 टीम का कप्तान नियुक्त किया गया तो वहीं युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी को आयरलैंड और इंग्लैंड दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल कर लिया गया।
महज 15 वर्ष और 71 दिन की उम्र में वैभव सूर्यवंशी राष्ट्रीय टीम में जगह पाने वाले सबसे युवा क्रिकेटर बन गए हैं। उन्होंने महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर का वर्षों पुराना रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया।
तेंदुलकर ने 15 नवंबर 1989 को कराची में पाकिस्तान के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था। उस समय उनकी उम्र 16 वर्ष और 205 दिन थी।
भारतीय टीम 26 और 28 जून को आयरलैंड के खिलाफ दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलेगी। इसके बाद टीम एक से 11 जुलाई तक इंग्लैंड के खिलाफ पांच मैचों की टी20 श्रृंखला में हिस्सा लेगी।
अय्यर की राष्ट्रीय टी20 टीम में वापसी तीन दिसंबर 2023 के बाद पहली बार हुई है। उन्होंने अपना पिछला टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच उसी दिन बेंगलुरु में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेला था।
विभिन्न दौरों के लिए भारतीय टीम की घोषणा करने के बाद मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने कहा, ‘‘अगले टी20 विश्व कप में अभी पर्याप्त समय है। श्रेयस ने कप्तान रूपों में खुद को साबित किया है। केकेआर को खिताब दिलाने के अलावा उन्होंने पंजाब किंग्स के लिए भी लगातार दो सफल सत्र खेले। वह टीम के दायरे से कभी बाहर नहीं थे, लेकिन संयोजन के कारण जगह नहीं बना पा रहे थे।’’
इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में उनकी शानदार कप्तानी और लगातार बेहतरीन प्रदर्शन ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया। अय्यर ने 2024 में कोलकाता नाइट राइडर्स को खिताब दिलाया था, जबकि 2025 में पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया। बल्लेबाजी में भी दो लगातार सफल सत्रों ने उनके दावे को और मजबूत बनाया। यही कारण रहा कि चयन समिति ने टी20 विश्व कप 2026 विजेता कप्तान सूर्यकुमार यादव के उत्तराधिकारी के रूप में श्रेयस पर भरोसा जताया।