मेस्सी के कार्यक्रम को लेकर गंभीर आरोप, सरकार मामले की जांच कर रही है: सतीशन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 13-08-2026
Serious allegations regarding Messi's event, government investigating the matter: Satheesan
Serious allegations regarding Messi's event, government investigating the matter: Satheesan

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
केरल के मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन ने बृहस्पतिवार को दावा किया कि पूर्ववर्ती एलडीएफ सरकार के कार्यकाल में फुटबॉल के दिग्गज खिलाड़ी लियोनेल मेस्सी और अर्जेंटीना की टीम को राज्य में लाने की कोशिशों के बारे में खेल विभाग की रिपोर्ट में गंभीर आरोप लगाए गए हैं और कहा कि ‘‘हर चीज की जांच की जाएगी’’।
 
मुख्यमंत्री ने मंत्रिमंडल की बैठक की अध्यक्षता करने के बाद आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार इस रिपोर्ट की गंभीरता से जांच कर रही है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘इसमें बहुत गंभीर आरोप हैं। सरकार इस पर विचार कर रही है। जांच के बाद जरूरी कार्रवाई की जाएगी।’’
 
मुख्यमंत्री ने सवाल उठाया कि किसी निजी संस्था को अर्जेंटीना फुटबॉल संघ (एएफए) के साथ समझौता करने की अनुमति कैसे दी गई।
 
उन्होंने कहा, ‘‘इसके लिए क्या प्रक्रिया अपनाई गई थी? क्या अनुमति देने के लिए अभिरुचि पत्र जारी किया गया था? ऐसा कुछ भी नहीं किया गया। इसे बस एक कंपनी को दे दिया गया, बिना उसकी बाज़ार कीमत, वित्तीय क्षमता या कोष के स्रोत पर विचार किए। इनमें से किसी भी बात पर ध्यान नहीं दिया गया।’’
 
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस बात पर भी संदेह है कि राज्य सरकार को प्रस्ताव के सभी पहलुओं की जानकारी थी, क्योंकि अलग-अलग जगहों से विरोधाभासी बयान आ रहे हैं।
 
सतीशन ने कहा कि सरकार इस मामले को देख रही है, लेकिन उससे पहले ही, जब उन्हें इस बारे में शिकायत मिली थी, तो ऐसे आरोप लगे थे कि मुख्यमंत्री एक संस्थान को बंद कराने की कोशिश कर रहे थे।
 
उन्होंने कहा, ‘‘पूरे मामले का अध्ययन कर रहे हैं’’।