आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
एलेना रायबाकिना ने नाओमी ओसाका को सीधे सेटों में हराकर यूएस ओपन टेनिस टूर्नामेंट के क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया और अब वह विश्व की नंबर एक महिला खिलाड़ी बनने से केवल एक जीत दूर हैं।
उन्हें अब रैंकिंग में शीर्ष पर पहुंचने के लिए झेंग किनवेन को हराना है, जो आसान नहीं होगा। रायबाकिना ने चौथे दौर में ओसाका के खिलाफ 6-1, 6-4 से जीत हासिल की।
दूसरी वरीयता प्राप्त रायबाकिना सेमीफाइनल में जगह बनाने पर एरीना सबालेंका को पछाड़कर डब्ल्यूटीए रैंकिंग में शीर्ष स्थान पर पहुंच जाएंगी।
रायबाकिना ने कहा, ‘‘निश्चित रूप से मैं ऐसा चाहती हूं। मुझे लगता है कि शायद ही कोई ऐसा होगा जो विश्व में नंबर एक नहीं बनना चाहे। निश्चित रूप से यह मेरे लक्ष्यों में से एक है। मैं उसी तरह से खेलने की कोशिश करती हूं। अपनी पूरी ताकत लगाती हूं। मैं आखिर तक हार नहीं मानती।’’