भारत के न्यूजीलैंड दौरे के टिकटों की रिकॉर्ड शुरुआती बिक्री

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 27-08-2026
Record early ticket sales for India's tour of New Zealand
Record early ticket sales for India's tour of New Zealand

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारत के बहु प्रारूप के आगामी न्यूजीलैंड दौरे को लेकर प्रशंसकों में जबरदस्त उत्साह है और मेजबान क्रिकेट बोर्ड द्वारा सदस्यों के लिए शुरू की गई टिकटों की बिक्री के शुरुआती 48 घंटे में 26,000 टिकट बिक गए।
 
अक्टूबर में शुरू होने वाला 12 मैच का यह दौरा न्यूजीलैंड क्रिकेट के ‘क्रिकेट नेशन’ सदस्यों के लिए सोमवार को शुरू हुई टिकट बिक्री में अब तक का सबसे बड़ा आकर्षण बनकर उभरा है।
 
ऑकलैंड के ईडन पार्क में होने वाले सीमित ओवर के मुकाबलों के टिकटों की बिक्री सबसे तेज रही है। क्राइस्टचर्च और वेलिंगटन में भी टिकटों की अच्छी मांग सामने आई है।
 
नौ हजार दर्शकों की क्षमता वाले हेगले ओवल में 22 और 24 अक्टूबर को होने वाले शुरुआती दो टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच के अलावा 27 नवंबर से एक दिसंबर तक होने वाले दूसरे और अंतिम टेस्ट के भी खचाखच भरने की उम्मीद है।
 
वेलिंगटन में होने वाले तीसरे टी20 अंतरराष्ट्रीय और दूसरे एकदिवसीय मैच के टिकटों की बिक्री भी शुरुआती चरण में मजबूत रही है। बेसिन रिजर्व में 19 नवंबर से पहला टेस्ट खेला जाएगा।
 
न्यूजीलैंड क्रिकेट के मुख्य विपणन एवं वाणिज्यिक अधिकारी ग्लेन क्रिचली ने कहा कि प्रशंसकों ने समय रहते टिकट सुरक्षित करने की अपील पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी है।
 
न्यूजीलैंड क्रिकेट ने किचली के हवाले से कहा, ‘‘शुरू से ही हमारा संदेश प्रशंसकों के लिए यही रहा है कि वे पहले से तैयारी कर लें जिससे कि टिकट से वंचित नहीं रह जाएं और पहले दो दिनों में रिकॉर्ड बिक्री से साबित होता है कि कई लोगों ने हमारी बात सुनी है।’’