Federer to play exhibition match at US Open, but not interested in professional tennis
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
अपने जमाने के दिग्गज खिलाड़ी रोजर फेडरर अमेरिकी ओपन में प्रदर्शनी मैच के जरिए खेल में वापसी करेंगे लेकिन उनकी पेशेवर टेनिस में किसी तरह की दिलचस्पी नहीं है।
खेल में अपने चरम प्रभुत्व के दौरान लगातार पांच बार अमेरिकी ओपन जीतने वाला यह खिलाड़ी 2019 के बाद पहली बार मंगलवार रात को आर्थर ऐश स्टेडियम में फिर से खेलने के लिए तैयार है।
फेडरर ने 2021 में विंबलडन के क्वार्टर फाइनल में मिली हार के संदर्भ में कहा, ‘‘मैंने शायद विंबलडन में (ह्यूबर्ट) हुरकाज़ के खिलाफ खेले गए मैच के बाद से कोई एकल मैच नहीं खेला है, इसलिए लगभग पांच साल हो गए हैं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे नहीं पता कि कल क्या होगा। इसलिए बहुत अनिश्चितता है, लेकिन इस बात की बहुत खुशी भी है कि मैं आर्थर ऐश में लौट रहा हूं। यह एक ऐसी जगह है जहां मैंने कई खूबसूरत पल बिताए हैं।’’
फेडरर प्रदर्शनी मैच में एंडी रॉडिक के खिलाफ एकल का एक सेट खेलेंगे। इसके अलावा वह जॉन मैकनरो के साथ मिलकर रॉडिक और आंद्रे अगासी के खिलाफ युगल का भी एक सेट खेलेंगे। 20 ग्रैंड स्लैम एकल खिताब जीतने वाले खिलाड़ी को इन मैचों के लिए कोई दिक्कत नहीं होनी चाहिए।
फेडरर 45 साल की उम्र में भी काफी फिट दिखते हैं लेकिन उन्होंने वीनस और सेरेना विलियम्स की तरह पेशेवर टेनिस में वापसी से स्पष्ट इनकार कर दिया।