Players and administrators said Kalmadi was a legend in Indian sports.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
देश के खेल जगत ने मंगलवार को भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया और इसे भारत में ओलंपिक आंदोलन के लिए एक बड़ी क्षति बताया।
दो दशकों से अधिक समय तक भारतीय खेल प्रशासन में प्रभावशाली हस्ती रहे 81 वर्षीय कलमाडी का मंगलवार तड़के पुणे के एक अस्पताल में निधन हो गया।
आईओए की वर्तमान अध्यक्ष पीटी उषा ने एक्स पर लिखा, ‘‘आईओए अध्यक्ष के रूप में मैं पूर्व आईओए अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी जी के निधन से बहुत दुखी हूं। वह लगभग दो दशक तक एएफआई के अध्यक्ष भी रहे, जहां उन्होंने भारत में एथलेटिक्स के विकास के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम शुरू किए। उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं। ओम शांति।’’
भारतीय एथलेटिक्स महासंघ (एएफआई) के पूर्व सचिव और कलमाडी के लंबे समय तक सहयोगी रहे ललित भनोट ने इसे व्यक्तिगत क्षति बताते हुए कहा कि भारतीय खेलों खेल के विकास में कांग्रेस के पूर्व सांसद की भूमिका महत्वपूर्ण रही।
भनोट ने कहा, ‘‘हमारे प्रिय मित्र और खेल जगत के दिग्गज के अचानक निधन की खबर सुनकर गहरा सदमा लगा है। भारतीय खेलों को आगे बढ़ाने में उनके योगदान को हमेशा याद रखा जाएगा।’’
उन्होंने कहा, ‘‘वह लगभग दो दशकों तक एएफआई के अध्यक्ष रहे और उन्होंने खेलों को आगे बढ़ाने के लिए कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम शुरू किए। वह एक समर्पित खेल प्रशासक थे जो भारतीय खेलों में कई बदलाव लाए। भारतीय ओलंपिक संघ के प्रमुख के रूप में उन्होंने एफ्रो-एशियाई खेलों और राष्ट्रमंडल खेलों का आयोजन किया तथा राष्ट्रीय खेलों को पुनर्जीवित किया।’’