आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत की इनुंगनबी ताखेल्लामबाम ने बृहस्पतिवार को एशियाई खेलों की महिला 70 किग्रा जूडो स्पर्धा में रेपेचेज मुकाबला जीतकर कांस्य पदक के मुकाबले में जगह बनाई जबकि यामिनी मौर्य का महिला 57 किग्रा वर्ग में रेपेचेज मुकाबले में हार के साथ अभियान समाप्त हो गया।
ताखेल्लामबाम ने शुरुआत में नेपाल की पूनम श्रेष्ठा को इप्पोन से हराकर क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई। हालांकि क्वार्टर फाइनल में उन्हें उत्तर कोरिया की सॉन्ग हुई मुन ने इप्पोन से हरा दिया।
सॉन्ग के फाइनल में पहुंचने के बाद ताखेल्लामबाम को रेपेचेज के जरिए पदक मुकाबले में आगे बढ़ने का मौका मिला।
भारतीय खिलाड़ी को रेपेचेज दौर में चीन की जिंग तांग से भिड़ना था। हालांकि मुकाबले से पहले चीनी खिलाड़ी को अयोग्य घोषित कर दिया गया। इसके परिणामस्वरूप ताखेल्लामबाम को फुसेन गाची के जरिए वॉकओवर जीत मिली।
ताखेल्लामबाम बृहस्पतिवार को ही कांस्य पदक के लिए मंगोलिया की अनु उरान उल्जीई से भिड़ेंगी।