आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
शानदार फॉर्म में चल रहे भारतीय बल्लेबाज वेस्टइंडीज के खिलाफ बुधवार को यहां चौथे टी20 मैच में इसी लय को बरकरार रखते हुए शानदार जीत के साथ श्रृंखला अपने नाम करना चाहेंगे ।
भारत इस समय 2 . 1 से आगे है और उसे श्रृंखला अपने नाम करने के लिये बस एक जीत की जरूरत है । वहीं पिछले मैच में करारी हार के बाद वेस्टइंडीज वापसी करके श्रृंखला में बने रहने की कोशिश में होगा ।
एक बार फिर मैच का रूख दोनों टीमों के ‘पावर हिटर्स’ पर निर्भर करेगा । भारत के शीर्षक्रम के बल्लेबाज संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा और ईशान किशन ने अब तक शानदार प्रदर्शन किया है जिससे श्रृंखला में अभी तक भारतीय मध्यक्रम पर अधिक दबाव नहीं बना है ।
अभिषेक ने इंदौर में तीसरे टी20 में 30 गेंद में 69 रन बनाये जिसमें छह चौके और पांच छक्के शामिल थे । भारत ने 223 रन का स्कोर बनाकर मैच जीता था ।
भारत के लिये चिंता का एकमात्र कारण शीर्षक्रम के शानदार फॉर्म के कारण मध्यक्रम के बल्लेबाजों को अधिक अभ्यास नहीं मिल पाना है । शीर्ष तीन के नाकाम रहने पर तिलक वर्मा, नीतिश कुमार रेड्डी और नमन धीर को जिम्मेदारी संभालनी होगी खासकर जब लक्ष्य बड़ा हो ।