आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
आस्ट्रेलिया के अनुभवी बल्लेबाज स्टीव स्मिथ को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ पहले टेस्ट में तेज गेंदबाज एनरिच नॉर्किया की गेंद हेलमेट पर लगने के बाद कनकशन जांच के लिये भेजा जायेगा ।
सैतीस वर्ष के स्मिथ को मैच के चौथे दिन सोमवार को नॉर्किया की शॉर्टपिच गेंद को खेलने के प्रयास में चोट लगी ।
वह दक्षिण अफ्रीका की दूसरी पारी में फील्डिंग के लिये नहीं आये ।
हरफनमौला ब्यू वेबस्टर ने चौथे दिन के खेल के बाद कहा ,‘‘ उम्मीद है कि वह ठीक होगा । गेंद काफी तेजी से लगी है । हम उसके ठीक होने की कामना करते हैं ।’’
क्रिकेट आस्ट्रेलिया की सिर की चोट और कनकशन नीति के तहत स्मिथ को अगले 24 घंटे निगरानी में रखा जायेगा । कनकशन (सिर में चोट) होने पर उन्हें मेडिकल अधिकारी से हरी झंडी मिलने तक क्रिकेट से दूर रहना होगा ।
स्मिथ को 2019 में एशेज टेस्ट के दौरान इंग्लैंड के तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर की गेंद भी सिर पर लगी थी ।