Harmanpreet will captain the team in the Asian Games as well.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
इंग्लैंड में आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं करने के बावजूद हरमनप्रीत कौर को जापान में होने वाले इस साल के एशियाई खेलों के लिए मंगलवार को भारतीय महिला टीम के कप्तान के रूप में बरकरार रखा गया।
महिला चयन समिति ने जापान के आइची-नागोया में 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक होने वाले एशियाई खेलों के लिए 15 सदस्यीय संभावित टीम की घोषणा की है। ऑस्ट्रेलिया से रविवार को ग्रुप चरण के आखिरी मैच में हार के बाद टीम का विश्व कप अभियान समाप्त हो गया था। इस तरह से भारतीय टीम लगातार दूसरी बार सेमीफाइनल में जगह नहीं बना पाई।
भारतीय महिला टीम एशियाई खेलों में मौजूदा चैंपियन के रूप में प्रवेश करेगी। उसने 2023 में चीन के हांगझोऊ एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक जीता था।
एशियाई खेलों में पुरुषों और महिलाओं दोनों की क्रिकेट प्रतियोगिता टी20 प्रारूप में खेली जाती है।
स्मृति मंधाना टीम की उप कप्तान बनी रहेंगी। भारत ने पिछले साल हरमनप्रीत की कप्तानी में वनडे विश्व कप जीता था लेकिन टी20 विश्व कप में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद वह आलोचकों के निशाने पर हैं।
विश्व कप के लिए टीम में शामिल विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया बाहर होने वाली एकमात्र खिलाड़ी हैं। उनकी जगह जी कमलिनी को टीम में शामिल किया गया है।
विश्व कप के बीच में टखने की चोट के कारण बाहर होने वाली श्रेयंका पाटिल को फिटनेस के आधार पर टीम में शामिल किया गया है। वह तय समय तक फिट होने पर ही अंतिम टीम में जगह बनाएंगी।
बल्लेबाजी क्रम में हरमनप्रीत को मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिग्स और ऋचा घोष का साथ मिलेगा, जबकि गेंदबाजी की जिम्मेदारी मुख्य रूप से दीप्ति शर्मा, रेणुका सिंह, श्री चरणी, अरुंधति रेड्डी और नंदनी शर्मा संभालेंगी।
विश्व कप के उतार-चढ़ाव भरे अभियान के दौरान, भारतीय टीम उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी। उसने पाकिस्तान, बांग्लादेश और नीदरलैंड की अपेक्षाकृत कमजोर टीमों पर आसान जीत दर्ज की, लेकिन दक्षिण अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया से मिली हार ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया।