चोपड़ा जल्द ही अपने पुराने रंग में लौट आएंगे: अंजू बॉबी जॉर्ज

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 29-06-2026
Chopra will be back to his old form soon: Anju Bobby George
Chopra will be back to his old form soon: Anju Bobby George

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
दिग्गज एथलीट अंजू बॉबी जॉर्ज का मानना ​​है कि भारतीय भाला फेंक स्टार नीरज चोपड़ा जल्द ही अपने पुराने रंग में लौट आएंगे तथा इस साल होने वाले एशियाई खेलों और 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों में फिर से शानदार प्रदर्शन करेंगे।
 
चोपड़ा सितंबर 2025 में तोक्यो विश्व चैंपियनशिप से पहले पीठ के निचले हिस्से की लगी चोट से उबर गए हैं। उन्होंने दोहा डायमंड लीग में इस सत्र की शुरुआत की और 85.69 मीटर के थ्रो के साथ चौथा स्थान हासिल किया।
 
दो बार के ओलंपिक पदक विजेता 28 वर्षीय चोपड़ा ने हाल ही में ग्लास्गो राष्ट्रमंडल खेलों और आइची-नागोया में होने वाले एशियाई खेलों में अपनी भागीदारी की पुष्टि की है।
 
विश्व चैंपियनशिप की कांस्य पदक विजेता लंबी कूद की एथलीट अंजू ने पीटीआई से कहा, ‘‘जहां तक नीरज का सवाल है तो वह प्रतियोगिता का स्तर बढ़ने के साथ ही अच्छा प्रदर्शन करना शुरू कर देंगे। वह ओलंपिक चैंपियन और विश्व चैंपियनशिप के पदक विजेता हैं। ऐसा कारनामा आज तक किसी भारतीय ने नहीं किया है। समय आने पर उसका अनुभव काम आएगा।’’
 
उन्होंने कहा, ‘‘वह लगभग 10 वर्षों से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सक्रिय हैं। हम यह नहीं कह सकते कि वह अपनी बेहतरीन फॉर्म में नहीं हैं या अच्छा प्रदर्शन नहीं कर रहे हैं। उन्होंने चरम पर रहते हुए शानदार प्रदर्शन किया है। वह अब भी वह अपने चरम पर हैं। उन्होंने हमारे लिए बहुत कुछ किया है। अब उन्हें खेल का आनंद लेने दीजिए।’’
 
अंजू ने इसके साथ ही कहा कि उन्हें यकीन था कि लंबी कूद में उनका 22 साल पुराना राष्ट्रीय रिकॉर्ड उनकी ही शिष्या शैली सिंह और उनके गृह राज्य केरल की एंसी सोजन तोड़ सकती हैं।