फीफा विश्व कप 2026: क्वार्टर फाइनल की तस्वीर साफ, जानिए किन टीमों के बीच होंगे रोमांचक मुकाबले

Story by  मलिक असगर हाशमी | Published by  [email protected] | Date 08-07-2026
FIFA World Cup 2026: Quarter-final picture clear; find out which teams will face off in thrilling matches.
FIFA World Cup 2026: Quarter-final picture clear; find out which teams will face off in thrilling matches.

 

आवाज द वाॅयस/ नई दिल्ली 

फीफा विश्व कप 2026 के प्री-क्वार्टर फाइनल मुकाबलों के बाद अब अंतिम आठ टीमों की तस्वीर पूरी तरह साफ हो गई है। अर्जेंटीना ने मिस्र के खिलाफ शानदार वापसी करते हुए क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई, जबकि स्विट्जरलैंड ने कोलंबिया को पेनल्टी शूटआउट में 4-3 से हराकर अंतिम आठ में प्रवेश किया। अब विश्व फुटबॉल के दिग्गजों और उभरती टीमों के बीच खिताब की जंग और रोमांचक होने वाली है।

इस बार क्वार्टर फाइनल में कई ऐसी टीमें पहुंची हैं, जो पहली बार विश्व कप जीतने का सपना देख रही हैं। इनमें मोरक्को, बेल्जियम, नॉर्वे और स्विट्जरलैंड शामिल हैं। वहीं अर्जेंटीना, फ्रांस, स्पेन और इंग्लैंड जैसी पारंपरिक मजबूत टीमें भी खिताब की दौड़ में बनी हुई हैं।

फ्रांस बनाम मोरक्को

पहला क्वार्टर फाइनल मुकाबला फ्रांस और मोरक्को के बीच खेला जाएगा। किलियन एम्बाप्पे की अगुआई वाली फ्रांस की टीम शानदार फॉर्म में है, लेकिन मोरक्को को हल्के में नहीं लिया जा सकता। 2022 विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंचने वाली पहली अफ्रीकी टीम बनने का इतिहास रच चुकी मोरक्को एक बार फिर बड़ा उलटफेर करने की क्षमता रखती है। कप्तान अशरफ हकीमी अपनी टीम की सबसे बड़ी उम्मीद होंगे। यह मुकाबला 10 जुलाई को भारतीय समयानुसार रात 1:30 बजे खेला जाएगा।

स्पेन बनाम बेल्जियम

दूसरे क्वार्टर फाइनल में 2010 की विश्व चैंपियन स्पेन का सामना बेल्जियम से होगा। लामिन यामाल, पेड्री, गावी, रोड्री और निको विलियम्स जैसे युवा सितारों से सजी स्पेनिश टीम लगातार शानदार प्रदर्शन कर रही है। गोलकीपर उनाई सिमोन अब तक पूरे टूर्नामेंट में एक भी गोल नहीं खा पाए हैं। दूसरी ओर बेल्जियम के अनुभवी खिलाड़ी रोमेलु लुकाकू और केविन डी ब्रुइने अपनी टीम को पहली बार विश्व चैंपियन बनाने के लक्ष्य के साथ मैदान में उतरेंगे। यह मुकाबला 11 जुलाई को रात 12:30 बजे खेला जाएगा।

नॉर्वे बनाम इंग्लैंड

तीसरा क्वार्टर फाइनल टूर्नामेंट का सबसे चर्चित मुकाबला माना जा रहा है। नॉर्वे के स्टार स्ट्राइकर एरलिंग हालैंड और इंग्लैंड के कप्तान हैरी केन आमने-सामने होंगे। हालैंड अब तक सात गोल कर गोल्डन बूट की दौड़ में शामिल हैं, जबकि केन छह गोल के साथ उनके पीछे हैं। इंग्लैंड के युवा स्टार जूड बेलिंघम भी शानदार फॉर्म में हैं। यह मुकाबला 12 जुलाई को सुबह 2:30 बजे (भारतीय समयानुसार) खेला जाएगा।

अर्जेंटीना बनाम स्विट्जरलैंड

चौथे क्वार्टर फाइनल में मौजूदा चैंपियन अर्जेंटीना का सामना स्विट्जरलैंड से होगा। लियोनेल मेसी की अगुआई वाली अर्जेंटीना की टीम को प्री-क्वार्टर फाइनल में मिस्र के खिलाफ कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ा था, लेकिन टीम ने शानदार वापसी करते हुए जीत दर्ज की। दूसरी ओर स्विट्जरलैंड ने पेनल्टी शूटआउट में कोलंबिया को हराकर 72 वर्षों बाद विश्व कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाई है। यह मुकाबला 12 जुलाई को सुबह 6:30 बजे (भारतीय समयानुसार) खेला जाएगा।

विश्व कप 2026 के क्वार्टर फाइनल में अनुभवी और युवा खिलाड़ियों का शानदार मुकाबला देखने को मिलेगा। फुटबॉल प्रशंसकों की नजरें अब इन चार मुकाबलों पर टिकी हैं, जहां से सेमीफाइनल की राह तय होगी और विश्व चैंपियन बनने का सपना देखने वाली टीमों की असली परीक्षा शुरू होगी।