मेस्सी के कार्यक्रम मामले में पूछताछ के लिए पुलिस के समक्ष पेश हुए पूर्व मंत्री अरूप बिस्वास

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 07-07-2026
Former minister Arup Biswas appeared before the police for questioning in the Messi program case.
Former minister Arup Biswas appeared before the police for questioning in the Messi program case.

 

  आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 पश्चिम बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप बिस्वास मंगलवार को पूछताछ के लिए पुलिस के सामने पेश हुए। पिछले साल दिसंबर में कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में लियोनेल मेस्सी के कार्यक्रम में हुई गड़बड़ियों से जुड़े एक मामले में उनसे पूछताछ की गई। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
 
उन्होंने बताया कि तृणमूल कांग्रेस के बागी गुट में शामिल हो चुके बिस्वास बिधाननगर दक्षिण पुलिस थाने में जांचकर्ताओं के सामने पेश हुए।
 
एक पुलिस अधिकारी ने कहा, ‘‘उनका बयान दर्ज कर लिया गया है और मामले में एकत्र किए गए अन्य सबूतों के साथ-साथ उनके द्वारा दी गई जानकारी की भी जांच की जा रही है।’’
 
कलकत्ता उच्च न्यायालय ने बिस्वास को 17 अगस्त तक गिरफ्तारी से अंतरिम सुरक्षा प्रदान की है।
 
उच्च न्यायालय ने पुलिस को 10 जुलाई को जांच के बारे में यथास्थिति रिपोर्ट दाखिल करने का भी निर्देश दिया है।
 
मेस्सी के भारत दौरे के मुख्य आयोजक शताद्रु दत्ता ने 17 मई को पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें बिस्वास पर धोखाधड़ी, आपराधिक धमकी और जबरन वसूली का आरोप लगाया गया था। इसके आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया था।
 
उन्होंने आरोप लगाया कि इस कार्यक्रम के लिए लगभग 22,000 टिकट ‘ब्लैक मार्केट’ में बेचे गए। दत्ता ने दावा किया कि बिस्वास ने कार्यक्रम के दौरान अनुचित प्रभाव डालने के लिए खेल मंत्री के तौर पर अपने पद का दुरुपयोग किया।
 
सॉल्ट लेक स्टेडियम में 13 दिसंबर, 2025 को आयोजित कार्यक्रम में उस समय अफरा-तफरी मच गई जब बड़ी संख्या में लोग कथित तौर पर बिना वैध टिकट के ही कार्यक्रम स्थल में प्रवेश कर गए।