नई दिल्ली
भारत के लिए विश्व पैरा एथलेटिक्स चैम्पियनशिप का छठा दिन मिला-जुला रहा, जहां धरमबीर नैन ने क्लब थ्रो एफ51 वर्ग में रजत पदक जीता, वहीं अतुल कौशिक ने चक्का फेंक एफ57 वर्ग में कांस्य पदक हासिल किया।
धरमबीर, जो पेरिस 2024 पैरालंपिक में स्वर्ण पदक विजेता रह चुके हैं, उन्होंने इस प्रतियोगिता में 29.71 मीटर की दूरी तय कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। इस स्पर्धा में सर्बिया के अलेक्जेंडर रेडिसिच को स्वर्ण पदक मिला जबकि तटस्थ पैरालंपिक एथलीट उलादजिस्लाउ हरीब ने कांस्य पर कब्जा जमाया। भारत के प्रणव सूरमा इस स्पर्धा में पांचवें स्थान पर रहे।
दूसरी ओर, चक्का फेंक एफ57 वर्ग में अतुल कौशिक ने 45.61 मीटर का थ्रो कर कांस्य पदक अपने नाम किया। लीबिया के महमूद रजब ने स्वर्ण और ब्राजील के विश्व रिकॉर्डधारी थियागो पोलिनो डोस सांतोस ने रजत पदक जीता।
पुरुषों के एफ37 वर्ग के चक्का फेंक फाइनल में भारत के 19 वर्षीय हानी पदक की दौड़ में थे, लेकिन जापान के यामातो शिम्बो ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अंतिम चरण में उन्हें पीछे छोड़ दूसरा स्थान हासिल कर लिया, जिससे हानी पोडियम से बाहर हो गए।
छठे दिन भारत को कोई स्वर्ण पदक नहीं मिला। भारत अब चार स्वर्ण, पांच रजत और दो कांस्य पदकों के साथ चौथे से सातवें स्थान पर फिसल गया है।ब्राजील, जिसने अब तक 12 स्वर्ण, 17 रजत और 7 कांस्य जीते हैं, पदक तालिका में शीर्ष पर है, जबकि चीन दूसरे स्थान पर है।
इस बीच, कुछ शानदार विश्व रिकॉर्ड भी बने। ईरान के सईद अफरूज ने पुरुषों की एफ34 भाला फेंक में 41.52 मीटर का नया विश्व रिकॉर्ड बनाया, जबकि अल्जीरिया की साफिया जेलाल ने महिलाओं के एफ57 शॉटपुट वर्ग में 11.67 मीटर की दूरी तय कर अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ा।