अहमदाबाद
कॉमनवेल्थ कबड्डी चैंपियनशिप में भारतीय महिला और पुरुष टीमों ने जीत के साथ अपने अभियान का आगाज किया। शुक्रवार को अहमदाबाद के वीर सावरकर स्टेडियम में खेले गए मुकाबलों में भारतीय महिलाओं ने मलेशिया को 73-13 से करारी शिकस्त दी, जबकि पुरुष टीम ने इंग्लैंड को 46-26 से हराया।
भारतीय महिला टीम ने मुकाबले की शुरुआत से ही अपना दबदबा बनाए रखा। टीम ने शुरुआती बढ़त 20-3 की कर ली और पहले हाफ के अंत तक स्कोर 30-11 पहुंचा दिया। कप्तान निधि शर्मा के नेतृत्व में भारतीय खिलाड़ियों ने रेडिंग और डिफेंस, दोनों में शानदार प्रदर्शन किया।
भारत ने मुकाबले में 40 रेड अंक और 20 टैकल अंक हासिल किए, जबकि मलेशिया के खाते में नौ रेड और दो टैकल अंक आए। भारतीय टीम ने छह बार ऑलआउट किया और खुद एक बार भी ऑलआउट नहीं हुई।
साक्षी भारत की सबसे सफल खिलाड़ी रहीं। उन्होंने आठ रेड और पांच टैकल अंकों सहित कुल 13 अंक जुटाए। स्थानापन्न खिलाड़ी के रूप में उतरीं रेणुका ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए नौ रेड में नौ अंक हासिल किए। अनु ने छह अंक जोड़े, जबकि कार्तिका रमेश और ज्योति ने क्रमशः छह और चार टैकल अंक हासिल किए। मलेशियाई कप्तान दार्सिनी ने अपनी टीम के लिए तीन रेड अंक जुटाए।
दूसरे हाफ में भारत का आक्रामक खेल और प्रभावी रहा। टीम ने इस हाफ में 43-2 से बढ़त बनाई। रेणुका ने छह रेड में सात अंक हासिल किए। अंतिम क्वार्टर में भारत ने 20-0 से मुकाबला अपने नाम करते हुए बड़ी जीत दर्ज की।
भारतीय पुरुष टीम ने भी इंग्लैंड के खिलाफ दमदार प्रदर्शन किया। कप्तान सुरजीत सिंह की अगुवाई में भारत ने रेडिंग में 32-23 और टैकल में 8-3 की बढ़त हासिल की। भारत ने तीन बार इंग्लैंड को ऑलआउट किया और खुद एक बार भी ऑलआउट नहीं हुआ।
नवीन कुमार भारत के शीर्ष स्कोरर रहे। उन्होंने 11 रेड और एक टैकल अंक सहित कुल 12 अंक जुटाए। नीरज नरवाल ने 11 रेड अंक हासिल किए। पंकज मोहिते ने चार और सचिन ने तीन अंक जोड़े। नितेश और दीपक एस ने क्रमशः तीन और दो टैकल अंक हासिल किए।
भारत ने मुकाबले में 24 टच अंक हासिल किए, जबकि इंग्लैंड की टीम केवल नौ टच अंक जुटा सकी।
भारतीय टीम ने शुरुआत से ही मैच पर नियंत्रण बनाए रखा और जल्द ही 15-5 की बढ़त हासिल कर ली। पहले हाफ के अंत तक भारत 23-9 से आगे था। शुरुआती हाफ में भारतीय खिलाड़ियों ने 14 रेड और पांच टैकल अंक हासिल किए तथा दो बार इंग्लैंड को ऑलआउट किया।
हालांकि, दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने वापसी की कोशिश की। टीम ने इस अवधि में 10-7 से बढ़त बनाकर स्कोर का अंतर 30-19 कर दिया। इस दौरान मिलान कौशल ने पांच अंक जुटाए। नयन युवराज डाभी और अहुराजन रघुनाथन ने भी इंग्लैंड के लिए योगदान दिया।
लेकिन भारतीय टीम ने निर्णायक अंतिम क्वार्टर में फिर से आक्रामक रुख अपनाया और इसे 16-7 से जीत लिया। नीरज नरवाल ने चार सफल रेड में छह अंक जुटाए, जबकि नवीन कुमार ने दो रेड से चार अंक हासिल किए। नितेश ने दो टैकल अंक जोड़े। इस दौरान भारत ने तीसरी बार इंग्लैंड को ऑलआउट कर जीत पर मुहर लगा दी।
स्रोत: एएनआई