LA ओलंपिक क्रिकेट क्वालिफायर 2028, WTC फाइनल 8 जून 2029 से

Story by  आवाज़ द वॉयस | Published by  onikamaheshwari | Date 23-10-2026
LA Olympics cricket qualifiers scheduled for January-February 2028, WTC final from 8 June 2029
LA Olympics cricket qualifiers scheduled for January-February 2028, WTC final from 8 June 2029

 

नई दिल्ली 
 
इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) के नवीनतम ग्लोबल इवेंट कैलेंडर के अनुसार, लॉस एंजिल्स ओलंपिक 2028 के लिए पुरुष और महिला क्रिकेट क्वालीफायर जनवरी और फरवरी 2028 में आयोजित किए जाएंगे। वहीं, 2029 में वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) का फाइनल 8 से 12 जून तक इंग्लैंड में खेला जाएगा। अक्टूबर में दुबई में हुई बैठकों के बाद, ICC ने अपने सदस्य बोर्डों के साथ एक शेड्यूल साझा किया है, जिसमें ये तारीखें शामिल हैं। क्रिकइन्फो के अनुसार, इस कैलेंडर में 2027 और 2031 के ODI वर्ल्ड कप के बीच होने वाले 12 पुरुष, 7 महिला और 5 अंडर-19 इवेंट्स (क्वालीफायर सहित) की रूपरेखा दी गई है।
 
ओलंपिक क्वालीफायर पहले 2027 में होने वाले थे, लेकिन अब इन्हें 2028 की शुरुआत में शिफ्ट कर दिया गया है। यह लॉस एंजिल्स खेलों से 6 महीने से भी कम समय पहले होगा, जहां 1904 के बाद पहली बार क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी हो रही है। पुरुषों और महिलाओं की 6-टीम वाली ओलंपिक प्रतियोगिताओं के लिए क्वालिफिकेशन स्ट्रक्चर की जानकारी इस साल की शुरुआत में ही दे दी गई थी। अब ICC ने महिला इवेंट में मेजबान देश अमेरिका की सीधी एंट्री के लिए तय मानदंडों (criteria) को अपडेट किया है।
 
महिला वर्ग में, ऑस्ट्रेलिया, भारत, दक्षिण अफ्रीका और ग्रेट ब्रिटेन ने अपने-अपने महाद्वीपों से सबसे ऊंची रैंकिंग वाली योग्य टीमों के रूप में क्वालिफिकेशन हासिल कर लिया है। यह इस साल की शुरुआत में हुए T20 वर्ल्ड कप में उनके प्रदर्शन के आधार पर तय हुआ है। पुरुष वर्ग में, 31 दिसंबर 2026 तक की ICC T20I रैंकिंग के अनुसार, अफ्रीका, एशिया, यूरोप और ओशिनिया से शीर्ष रैंकिंग वाली योग्य टीमें सीधे क्वालिफिकेशन हासिल करेंगी।
 
मेजबान होने के नाते, अमेरिका दोनों इवेंट्स में हिस्सा लेने के लिए योग्य है, बशर्ते वह ICC के रैंकिंग मानदंडों को पूरा करता हो। अमेरिकी पुरुष टीम, जो अभी 13वें नंबर पर है, 30 जून से 31 दिसंबर 2026 तक चलने वाले क्वालिफिकेशन पीरियड के दौरान टॉप 15 में रहने की शर्त पूरी करने की राह पर है। हालांकि, अमेरिकी महिला टीम, जो अभी 19वें नंबर पर है, नए नियमों के तहत सीधे एंट्री पाने से चूक सकती है। ICC ने पहले कहा था कि अगर अमेरिकी महिला टीम रैंकिंग की शर्त पूरी नहीं कर पाती है, तो 1 मार्च 2027 तक की T20I रैंकिंग के आधार पर, पहले से क्वालिफाई कर चुकी टीमों के अलावा सबसे अच्छी रैंकिंग वाली योग्य टीम को एक और ऑटोमैटिक क्वालिफिकेशन स्पॉट दिया जाएगा।
 
लेकिन अब बदले हुए नियमों के अनुसार, यह अतिरिक्त स्पॉट फरवरी 2027 में भारत में होने वाली पहली 'महिला चैंपियंस ट्रॉफी' से जुड़ गया है।
 
ICC ने अपने सदस्य बोर्डों को भेजे संदेश में कहा, "अगर मेजबान (USA) 31 दिसंबर 2026 तक रैंकिंग की शर्त पूरी नहीं कर पाता है, तो वह स्पॉट ICC महिला चैंपियंस ट्रॉफी 2027 की स्टैंडिंग (कट-ऑफ तारीख: 1 मार्च 2027) के आधार पर किसी और टीम को दे दिया जाएगा।"
 
पुरुषों और महिलाओं के ओलंपिक क्वालिफायर के लिए अभी तक वेन्यू तय नहीं हुए हैं। हर टूर्नामेंट में आठ टीमें होंगी - इनमें ऑटोमैटिक क्वालिफाई करने वाली टीमों के अलावा, सबसे अच्छी रैंकिंग वाली सात टीमें और कैरेबियन रीजनल क्वालिफायर की विजेता टीम शामिल होगी।
 
ICC कैलेंडर से यह भी साफ हो गया है कि 2028 में महिलाओं और पुरुषों के T20 वर्ल्ड कप लगातार आयोजित होंगे, और दोनों टूर्नामेंटों के बीच 11 दिनों का अंतर होगा। 
 
पाकिस्तान में होने वाला 12 टीमों का महिला T20 वर्ल्ड कप 7 सितंबर से 1 अक्टूबर तक चलेगा, जबकि ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड की मेजबानी में होने वाला 20 टीमों का पुरुष T20 वर्ल्ड कप 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक आयोजित होगा।
 
ICC ने 2030 पुरुष T20 वर्ल्ड कप की तारीखों को भी जून से बदलकर जुलाई-अगस्त कर दिया है। इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड 20 टीमों वाले इस टूर्नामेंट की मेजबानी करेंगे।
 
ICC ने 2021 में ही मेजबान देशों को कई बड़े टूर्नामेंट सौंप दिए थे। वहीं, नए कैलेंडर में कुछ और टूर्नामेंटों की तारीखें भी शामिल की गई हैं, क्योंकि ICC 2031 तक के अपने अंतरराष्ट्रीय शेड्यूल को अंतिम रूप देने की प्रक्रिया में है।