RCB के खिलाफ 101 ने डेविड मिलर का करियर बदल दिया

Story by  एटीवी | Published by  [email protected] | Date 13-08-2026
A score of 101 against RCB changed David Miller's career.
A score of 101 against RCB changed David Miller's career.

 

नई दिल्ली।

दक्षिण अफ्रीका के अनुभवी बल्लेबाज डेविड मिलर ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपनी सबसे यादगार और गर्व करने लायक पारी के रूप में 2013 में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ खेली गई नाबाद 101 रन की पारी को चुना है। मिलर के मुताबिक, दबाव में लक्ष्य का पीछा करते हुए लगाया गया यह शतक उनके करियर के लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुआ और इसी पारी ने उनके करियर को नई दिशा दी।

द हंड्रेड 2026 में सदर्न ब्रेव के लिए खेल रहे मिलर ने जियोस्टार से बातचीत के दौरान अपने करियर और IPL की सबसे यादगार पारियों को याद किया। एक दशक से अधिक लंबे करियर में मिलर ने खुद को टी20 क्रिकेट के भरोसेमंद मिडिल ऑर्डर फिनिशरों में स्थापित किया है।

RCB के खिलाफ 38 गेंदों में जड़ा था शतक

2013 IPL सीजन में किंग्स इलेवन पंजाब (अब पंजाब किंग्स) की ओर से खेलते हुए मिलर ने RCB के खिलाफ महज 38 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए थे। यह पारी IPL में उनकी सबसे चर्चित पारियों में शामिल है।

मिलर ने बताया कि उस मुकाबले में लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक बनाना उनके लिए बेहद खास था। यह उनका IPL और टी20 क्रिकेट में पहला शतक था। उनके अनुसार, मुकाबले में काफी कुछ दांव पर लगा था और पीछे मुड़कर देखने पर उन्हें लगता है कि इस पारी ने उनके करियर की नींव मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

उन्होंने कहा कि दबाव में लक्ष्य का पीछा करते हुए शतक लगाने वाली उनकी दो पारियां हमेशा खास रहेंगी। दूसरी पारी उन्होंने डरबन में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली थी, जहां उन्होंने लक्ष्य का पीछा करते हुए करीब 118 रन की नाबाद पारी खेली थी।

मिडिल ऑर्डर में फिनिशर बनना सबसे बड़ी उपलब्धि

मिलर ने कहा कि उनके लिए करियर की सबसे संतोषजनक उपलब्धियों में से एक मिडिल ऑर्डर बल्लेबाज के रूप में अपनी पहचान बनाना और टीम के लिए मैच खत्म करना है।

उन्होंने माना कि एक सफल फिनिशर बनने की कला को सीखने और उसमें महारत हासिल करने में काफी समय लगता है। उनके मुताबिक, वह आज भी इस भूमिका को लेकर लगातार सीख रहे हैं, लेकिन लंबे समय तक इस जिम्मेदारी को निभाने का उन्हें काफी अनुभव मिला है।

विशेष रूप से लक्ष्य का पीछा करते हुए पारी को अंजाम तक पहुंचाना उन्हें हमेशा पसंद रहा है।

15 IPL सीजन खेल चुके हैं मिलर

डेविड मिलर ने 2012 में IPL डेब्यू किया था और अब तक 15 IPL सीजन खेल चुके हैं। इस दौरान वह पंजाब किंग्स, राजस्थान रॉयल्स, गुजरात टाइटंस, लखनऊ सुपर जायंट्स और दिल्ली कैपिटल्स जैसी टीमों का हिस्सा रहे हैं।

वह IPL में सबसे अधिक सीजन खेलने वाले दक्षिण अफ्रीकी क्रिकेटर हैं।

उनके IPL करियर का सबसे यादगार सीजन 2022 रहा, जब वह गुजरात टाइटंस (GT) की खिताबी जीत का अहम हिस्सा बने। GT के अपने पहले ही सीजन में मिलर ने मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी संभाली और कई महत्वपूर्ण मुकाबलों में टीम को जीत दिलाने वाली पारियां खेलीं।

गुजरात टाइटंस की खिताबी जीत सबसे पसंदीदा पल

जब मिलर से IPL का अपना सबसे पसंदीदा पल चुनने के लिए कहा गया, तो उन्होंने गुजरात टाइटंस के साथ IPL खिताब जीतने को सबसे ऊपर रखा।

उन्होंने कहा कि IPL में कई यादगार पल रहे हैं, लेकिन क्रिकेटर आखिरकार जीतने के लिए ही खेलते हैं। इसलिए गुजरात टाइटंस के साथ IPL जीतना उनके करियर का सबसे पसंदीदा पल है।

मिलर ने IPL में अब तक 152 मैचों में 3,288 रन बनाए हैं। वह अपनी आक्रामक बल्लेबाजी, आखिरी ओवरों में तेजी से रन बनाने और सफल रन चेज के लिए पहचाने जाते हैं।

द हंड्रेड में भी जारी है सफर

द हंड्रेड 2026 में मिलर सदर्न ब्रेव के लिए खेल रहे हैं। उन्होंने अब तक आठ मैचों में 166 रन बनाए हैं। हालांकि, उनकी टीम नॉकआउट चरण में जगह नहीं बना सकी।

37 वर्षीय मिलर अब भी दुनिया भर की टी20 लीग में सक्रिय हैं और अपनी अनुभव तथा आक्रामक बल्लेबाजी से टीमों के लिए अहम भूमिका निभा रहे हैं। उनके लिए 2013 में RCB के खिलाफ खेली गई 101 रन की पारी आज भी उस सफर की सबसे महत्वपूर्ण यादों में शामिल है, जिसने उन्हें टी20 क्रिकेट के बड़े फिनिशरों में पहचान दिलाने में मदद की।