जीव का कपिल से खिलाड़ियों को आईजीपीएल में खेलने की अनुमति देने का आग्रह

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-08-2026
Jeev urges Kapil to allow players to play in IGPL
Jeev urges Kapil to allow players to play in IGPL

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारत के दिग्गज गोल्फर जीव मिल्खा सिंह ने कपिल देव के नेतृत्व वाली पीजीटीआई (भारतीय पेशेवर गोल्फ टूर) से आग्रह किया है कि वह खिलाड़ियों को इंडियन गोल्फ प्रीमियर लीग (आईजीपीएल) में भाग लेने से न रोके, क्योंकि उन्हें ‘‘अच्छी कमाई’’ करने और अपने खेल को निखारने का पूरा अधिकार है।
 
चार यूरोपीय टूर और छह एशियाई टूर जीतने वाले 54 वर्षीय जीव ने कहा कि वह समझते हैं कि प्रत्येक टूर के अपने नियम होते हैं, लेकिन एक बार जब कोई खिलाड़ी उस टूर के प्रति अपनी प्रतिबद्धता पूरी कर लेता है, तो उसे अन्य रास्ते तलाशने से नहीं रोका जाना चाहिए।
 
भारतीय पेशेवर गोल्फ टूर ने आईजीपीएल में खेलने वाले गोल्फरों को पीजीटीआई की प्रतियोगिताओं में खेलने से रोक दिया है। एक अन्य विश्व कप विजेता क्रिकेटर युवराज सिंह आईजीपीएल के सह संस्थापक हैं।
 
जीव ने पीटीआई से कहा, ‘‘आपके दो या तीन टूर (गोल्फ टूर्नामेंट) हो सकते हैं, लेकिन आखिर में यह खिलाड़ियों के टूर हैं। अगर उन्हें इससे फायदा हो रहा है तो इस पर कोई प्रतिबंध नहीं होना चाहिए। अगर वे इससे अच्छी कमाई कर सकते हैं तो इससे अच्छा कुछ नहीं हो सकता।’’