खेल मंत्रालय ने संचालन मुद्दों को लेकर टीटीएफआई की मान्यता निलंबित की

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 12-08-2026
Sports Ministry suspends TTFI's recognition over governance issues
Sports Ministry suspends TTFI's recognition over governance issues

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 खेल मंत्रालय ने बुधवार को भारतीय टेबल टेनिस महासंघ (टीटीएफआई) की मान्यता निलंबित कर दी और भारतीय ओलंपिक संघ (आईओए) से खेल के संचालन के लिए तदर्थ समिति गठित करने को कहा। मंत्रालय ने यह कदम टीटीएफआई में प्रशासनिक खामियों का हवाला देते हुए उठाया।
 
मंत्रालय ने अपने आदेश में कहा कि इस साल की शुरुआत में जारी कारण बताओ नोटिस का ‘संतोषजनक जवाब नहीं मिलने’ के बाद समय पर चुनाव नहीं करा पाना टीटीएफआई की मान्यता निलंबित करने के कारणों में शामिल है।
 
मंत्रालय के आदेश में कहा गया, ‘‘अंतरराष्ट्रीय संस्था (आईटीटीएफ) के परामर्श से एक आंतरिक नियामक तंत्र बनाने के लिए आईओए उचित कदम उठाएगा जिसमें तदर्थ समिति का गठन भी शामिल है। ऐसा तब तक रहेगा जब तक टीटीएफआई में विधिवत गठित प्रशासनिक ढांचा बहाल नहीं हो जाता।’’
 
टीटीएफआई की मौजूदा अध्यक्ष मेघना अहलावत हैं। वह महासंघ की पहली महिला अध्यक्ष हैं और हरियाणा के विधायक दुष्यंत चौटाला की पत्नी भी हैं। चौटाला, टीटीएफआई के पूर्व अध्यक्ष अजय सिंह चौटाला के बेटे हैं।