मंजीत ठाकुर
पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के नतीजों में एक खास चीज सामने आई है, वह है इस बार विधानसभा में मुस्लिम विधायकों की संख्या पिछली बार की तुलना में कम हो गई है. चुनाव आयोग द्वारा जारी नतीजों के मुताबिक, पश्चिम बंगाल की नवनिर्वाचित विधानसभा में 292 सीटों के नतीजे सामने आए हैं और इनमें 42 मुस्लिम विधायक ही चुने गए हैं.
इन 42 में से एक को छोड़कर बाकी सारे विधायक तृणमूल कांग्रेस के ही हैं.
एकमात्र निर्वाचित मुस्लिम विधायक, जो तृणमूल कांग्रेस का सदस्य नहीं है वह मोहम्मद नौशाद सिद्दिकी हैं जिन्होंने चुनाव को राष्ट्रीय सेकुलर मजलिस पार्टी (आरएसएमपी) के टिकट पर जीता है.
चुनावी पंडितों का साफ कहना है कि इस बार पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में सूबे के करीबन 30 फीसद मुस्लिमों ने तृणमूल कांग्रेस के पीछे गोलबंद होकर वोटिंग की. इसकी मिसाल उत्तरी बंगाल के मालदा और मुर्शिदाबाद जिलों में मिलती है, जहां तृणमूल कांग्रेस को 26 सीटें हासिल हुई हैं. पिछले चुनाव तक यह इलाका एबीए गनी खान चौधरी के परिवार और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अधीर रंजन चौधरी के प्रभाव का इलाका माना जाता रहा था. यह इलाका मुस्लिमबहुल आबादी का है और यहां वाममोर्चे की गहरी पैठ भी थी. पर इस बार तृणमूल कांग्रेस ने मुस्लिमों को अपने पीछे गोलबंद करने में कामयाबी हासिल कर ली.
और इसके बरअक्स ममता ने 294 सीटों वाली विधानसभा में महज 42 मुस्लिम उम्मीदवारों को टिकट दिया था और उनमें से 41 ने जीत दर्ज की.
चुनावों में भारतीय जनता पार्टी ने 77 सीटें जीती हैं और उनमें से एक भी मुस्लिम विधायक नहीं है. दूसरी तरफ, सत्ताधारी तृणमूल कांग्रेस ने 213 सीटें जीती हैं और वह लगातार तीसरी बार कुरसी पर काबिज हो गई है.
कांग्रेस और वाममोर्चे ने राज्य में अब तक का सबसे बदतर प्रदर्शन किया है और एक भी सीट जीत पाने में नाकाम रही है. दिलचस्प बात है यह है कि पश्चिम बंगाल में असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम ने अपने 5 उम्मीदवार चुनाव में उतारे थे लेकिन उनमें से कोई भी ममता के तूफान का सामना नहीं कर सका.
अब्बास सिद्दिकी के इंडियन सेकुलर फ्रंट (आइएसएफ) ने 26 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारे थे लेकिन उनमें से एक भी उम्मीदवार जीत का मुंह नहीं देख सका. लेकिन, सचाई यह भी है कि 2021 के विधानसभा चुनावों में पिछले दो विधानसभा चुनावों के बरअक्स कम मुस्लिम विधायक चुने गए हैं. 2016 में पश्चिम बंगाल में 56 मुस्लिम विधायक जीते थे जबकि 2011 में यह संख्या 59 थी.
2016 में तृणमूल कांग्रेस के टिकट पर 29, कांग्रेस के टिकट पर 18, माकपा के टिकट पर 8 और फॉरवर्ड ब्लॉक के टिकट पर 1 मुस्लिम विधायक निर्वाचित हुआ था.
इस बार, यानी 2021 के विधानसभा चुनावों में पश्चिम बंगाल में निर्वाचित मुस्लिम विधायकों की सूची इस प्रकार हैः
1. आमडांगा - रफीकुर रहमान (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
2. भादुरिया - अब्दुर रहीम क़ाज़ी (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
3. बशीरहाट उत्तर – रफीकुल इस्लाम मंडल (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
4. बेलडांगा – हसनुज्जमां एसके (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
5. भांगागोला – इदरीस अली (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
6. भांगर – मोहम्मद नौशाद सिद्दीकी (राष्ट्रीय सेक्युलर मजलिस पार्टी)
7. भरतपुर - हुमायूँ कबीर (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
8. कैनिंग पूर्व – शौकत मुल्ला (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
9. चाकुलिया - आज़ाद मिन्हाजुल अरफिन (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
10. छपरा - रुकनूर रहमान (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
11. चोपड़ा - हमीदुल रहमान (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
12. देवरा - हुमायूँ कबीर (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
13. देगंगा – रहीमा मंडल (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
14. डोमकल - जाफिकुल इस्लाम (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
15. फरक्का – मनीरूल इस्लाम (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
16. गोलपोखर - मो गुलाम रबारी (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
17. हरिहरपारा – नियामत शेख (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
18. हरिश्चंद्रपुर - ताज़ूल हुसैन (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
19. हरोआ - इस्लाम एसके नारुल (हाजी) (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
20. इस्लामपुर - अब्दुल करीम चौधरी (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
21. ईंटाहार - मोसफ़र हुसैन (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
22. जलंगी - अब्दुर रज़्ज़ाक (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
23. कालीगंज - नासिरुद्दीन अहमद (लाल) (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
24. कस्बा - अहमद खेवन (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
25. केतुग्राम - शेख शाहनवाज़ (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
26. कोलकाता पोर्ट - फिरहाद हकीम (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
27. कुमारगंज – तोराफ हुसैन मंडल (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
28. लालगोला - अली मोहम्मद (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
29. मगहरहाट पश्चिम – ग्यासुद्दीन मुल्ला (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
30. मालतीपुर - अब्दुर रहीम बख्शी (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
31. मटियाबुर्ज - अब्दुल खेलाक मोल्ला (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
32. मोंटेश्वर - चौधरी सिद्दीक़उल्लाह (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
33. मोताबाड़ी - येमीन सबीना (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
34. मुरारई – डॉ. मुशर्रफ हुसैन (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
35. नक्शीपाड़ा - कल्लोल खान (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
36. नौदा – शाहीना मुमताज खान (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस
37. पांसकुड़ा पश्चिम – फिरोजा बीबी (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
38. रघुनाथ गंज - अखरुज्जमां (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
39. रानीनगर - अब्दुल सुमी हुसैन (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
40. रेजीनगर - रामुल आलम चौधरी (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
41. सोनारपुर उत्तर – फिरदौसी बेगम (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)
42. सुजापुर - मो अब्दुल गनी (अखिल भारतीय तृणमूल कांग्रेस)