नई दिल्ली।
रमज़ान के दौरान सहरी यानी सूर्योदय से पहले लिया गया भोजन बेहद अहम होता है। सही आहार दिनभर शरीर को ऊर्जा देता है और भूख को नियंत्रित रखने में मदद करता है। अगर सहरी संतुलित और पौष्टिक हो, तो रोज़ा रखना आसान हो जाता है। वहीं अधिक तला भुना और ज्यादा कैलोरी वाला भोजन थकान और प्यास बढ़ा सकता है। आइए जानते हैं सहरी में किन खाद्य पदार्थों को शामिल करना फायदेमंद रहता है।
1. पोटेशियम से भरपूर फल और सब्जियां
पोटेशियम शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखने में मदद करता है। इससे कमजोरी और डिहाइड्रेशन की समस्या कम होती है। सहरी में केला, पालक, ब्रोकली, खरबूजा, बीन्स और मशरूम जैसे खाद्य पदार्थ शामिल करें। ये पेट को लंबे समय तक भरा रखते हैं और दिनभर ऊर्जा देते हैं।
2. प्रोटीन युक्त आहार
प्रोटीन धीरे धीरे पचता है और लंबे समय तक तृप्ति का एहसास देता है। यह मांसपेशियों को मजबूत रखता है और इम्यूनिटी बढ़ाता है। सहरी में अंडा, पनीर, दालें, चना, चिकन, मेवे और नट बटर शामिल करना अच्छा विकल्प है।
3. हाई फाइबर फूड्स
रोज़े के दौरान पाचन को संतुलित रखना जरूरी है। फाइबर से भरपूर आहार कब्ज और एसिडिटी से बचाता है। ओट्स, क्विनोआ, राजमा, चना, सेब और आड़ू जैसे फल और अनाज सहरी के लिए बेहतर विकल्प हैं। ये पेट को देर तक भरा रखते हैं और शरीर को ठंडक देते हैं।
4. कॉम्प्लेक्स कार्बोहाइड्रेट
सादा चावल या मैदा की जगह मल्टीग्रेन रोटी, दलिया या ओट्स लें। ये धीरे धीरे ऊर्जा रिलीज करते हैं और दिनभर सक्रिय बनाए रखते हैं।
5. पर्याप्त पानी और तरल पदार्थ
सहरी में पानी जरूर पिएं। नारियल पानी या सादा नींबू पानी भी ले सकते हैं। इससे शरीर हाइड्रेट रहता है और प्यास कम लगती है।सहरी का मकसद पेट भरना नहीं बल्कि सही पोषण देना है। संतुलित आहार लेने से रोज़ा स्वस्थ तरीके से रखा जा सकता है। तले भुने और ज्यादा मीठे भोजन से बचें। सही खानपान ही रमज़ान में सेहत का असली राज है।





