नई दिल्ली
गुर्दे (किडनी) हमारे शरीर का वह अहम अंग हैं, जो रक्त को शुद्ध करने, विषैले तत्वों को बाहर निकालने और शरीर में इलेक्ट्रोलाइट संतुलन बनाए रखने का काम करते हैं। लेकिन बदलती जीवनशैली, जंक फूड, कम पानी पीने की आदत और तनाव ने किडनी से जुड़ी बीमारियों का खतरा तेजी से बढ़ा दिया है। विशेषज्ञ मानते हैं कि केवल पर्याप्त पानी पीना ही काफी नहीं, बल्कि संतुलित और सही आहार भी उतना ही जरूरी है।
अच्छी बात यह है कि किडनी को स्वस्थ रखने वाले कई खाद्य पदार्थ हमारे आसपास ही आसानी से उपलब्ध हैं। जरूरत है तो बस उन्हें सही तरीके से अपनी डाइट में शामिल करने की।
फूलगोभी किडनी के लिए एक बेहतरीन सब्जी मानी जाती है। इसमें मौजूद विटामिन C, फोलेट और फाइबर शरीर से विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करते हैं। वहीं प्याज उन लोगों के लिए खास है, जिन्हें पोटेशियम की अधिक मात्रा से परहेज करना पड़ता है। प्याज में पाए जाने वाले एंटीऑक्सीडेंट, जैसे क्वेरसेटिन, किडनी पर पड़ने वाले दबाव को कम करने में सहायक होते हैं।
सेब और तरबूज जैसे फल किडनी को प्राकृतिक रूप से हाइड्रेट रखते हैं। तरबूज शरीर से अपशिष्ट पदार्थों को बाहर निकालने में मदद करता है, जबकि सेब में मौजूद फाइबर और एंटीऑक्सीडेंट सूजन कम करने के साथ-साथ ब्लड शुगर और कोलेस्ट्रॉल को संतुलित रखने में भी योगदान देते हैं।
खाना पकाने में जैतून के तेल का उपयोग करने से शरीर को स्वस्थ वसा मिलती है, जो किडनी की कार्यक्षमता को सहारा देती है। इसके साथ ही ग्रीन टी में मौजूद एंटीऑक्सीडेंट तत्व शरीर में ऑक्सीडेटिव स्ट्रेस को कम करते हैं, जिससे गुर्दों पर सकारात्मक असर पड़ता है।
लहसुन अपने सूजनरोधी गुणों के लिए जाना जाता है। यह रक्तचाप को नियंत्रित करने में मदद करता है, जो किडनी के स्वास्थ्य के लिए बेहद जरूरी है। वहीं सैल्मन और टूना जैसी समुद्री मछलियां ओमेगा-3 फैटी एसिड से भरपूर होती हैं, जो शरीर में सूजन कम कर गुर्दों को लंबे समय तक स्वस्थ बनाए रखने में सहायक हैं।