नई दिल्ली। रक्तदान को सबसे बड़ा मानवीय और निस्वार्थ कार्य माना जाता है। रक्तदान से किसी जरूरतमंद की जान बचाई जा सकती है, लेकिन रक्तदान के बाद अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखना भी उतना ही जरूरी है। विशेषज्ञों के अनुसार, रक्तदान के बाद सही खानपान शरीर की रिकवरी को तेज करता है, जबकि गलत खाद्य पदार्थ थकान, कमजोरी और चक्कर आने जैसी समस्याएं बढ़ा सकते हैं।
रक्तदान के दौरान शरीर से लगभग 450 मिलीलीटर रक्त और तरल पदार्थ निकल जाता है। ऐसे में शरीर को खोए हुए पोषक तत्वों और तरल पदार्थों की भरपाई करने के लिए पर्याप्त पोषण की आवश्यकता होती है।
1. शराब का सेवन न करें
रक्तदान के बाद शरीर में पानी की कमी हो सकती है। शराब शरीर को और अधिक डिहाइड्रेट करती है, जिससे चक्कर आना, कमजोरी और थकान की समस्या बढ़ सकती है। इसके बजाय पानी, नारियल पानी, ताजे फलों का रस या ओआरएस जैसे पेय पदार्थों का सेवन करें।
2. ज्यादा कैफीन वाले पेय पदार्थ
रक्तदान के तुरंत बाद कॉफी, एनर्जी ड्रिंक या बहुत कड़क चाय पीने से बचना चाहिए। कैफीन शरीर से पानी की मात्रा कम कर सकता है और निर्जलीकरण का खतरा बढ़ा सकता है। इसलिए कुछ घंटों तक पर्याप्त पानी पीना बेहतर होता है।
3. जंक फूड और प्रोसेस्ड फूड
चिप्स, बर्गर, पिज्जा, तले हुए खाद्य पदार्थ, कैंडी और अत्यधिक मीठी चीजें शरीर को केवल अस्थायी ऊर्जा देती हैं। इनमें आयरन, प्रोटीन और अन्य आवश्यक पोषक तत्वों की कमी होती है, जो रिकवरी के लिए जरूरी हैं।
4. भोजन छोड़ने की गलती न करें
रक्तदान के बाद उपवास, डाइटिंग या भोजन छोड़ना नुकसानदायक हो सकता है। शरीर को नए रक्त कोशिकाओं के निर्माण और ऊर्जा की पूर्ति के लिए पर्याप्त प्रोटीन, आयरन और पोषक तत्वों की जरूरत होती है।
विशेषज्ञ रक्तदान के बाद आयरन और प्रोटीन से भरपूर खाद्य पदार्थ जैसे हरी पत्तेदार सब्जियां, दालें, अंडे, दूध, दही, फल, सूखे मेवे और पर्याप्त मात्रा में पानी लेने की सलाह देते हैं।रक्तदान के बाद सही खानपान न केवल शरीर को जल्दी स्वस्थ बनाता है, बल्कि भविष्य में फिर से सुरक्षित रक्तदान करने में भी मदद करता है।