आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय मंत्री सुरेश गोपी ने सोमवार को कहा कि अमेरिका के कैलिफोर्निया से केरल की उन दो महिलाओं के पार्थिव शरीर लाने के लिए सभी जरूरी कदम उठाए जाएंगे जिनकी कथित तौर पर हत्या कर दी गई थी।
रिश्तेदारों के अनुसार, मृतकाओं की पहचान त्रिशूर के मुडिक्कोड निवासी अंजना और तिरुवनंतपुरम के केशवदासपुरम निवासी एन मैथ्यू के रूप में हुई है।
अंजना के रिश्तेदार विनोद ने संवाददाताओं से कहा कि घटना की संदिग्ध की पहचान कोट्टायम निवासी अनिला के रूप में हुई है, जो दोनों महिलाओं की दोस्त थी और फिलहाल अमेरिकी पुलिस की हिरासत में है।
उन्होंने बताया कि तीनों महिलाएं अपने परिवारों के साथ एक ही अपार्टमेंट में रह रही थीं।
विनोद ने कहा कि त्रिशूर में अंजना के परिवार को शनिवार को शुरुआत में फोन पर बताया गया कि अंजना दुर्घटना का शिकार हो गई और वह अस्पताल में भर्ती है, लेकिन बाद में उसकी मौत की सूचना दी गई।
उन्होंने कहा कि परिवार वालों की वीडियो कॉल के जरिए एन से बात होती रहती थी लेकिन अनिला को वे व्यक्तिगत रूप से नहीं जानते थे। तीनों महिलाएं अलग-अलग नौकरियां कर रही थीं।
विनोद ने बताया कि अंजना का पति विजीश गहरे सदमे में है और अपनी छह साल की बेटी की देखभाल करते हुए इस सदमे से उबरने की कोशिश कर रहा है।
अमेरिका से कुछ लोगों द्वारा मिली जानकारी के अनुसार, अनिला ने कथित तौर पर अपने अपार्टमेंट में एन पर चाकू हमला किया और बाद में अंजना पर कार चढ़ा दी।