आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केरल के भावी मुख्यमंत्री वी. डी. सतीशन ने ‘‘इतनी बड़ी जिम्मेदारी’’ सौंपने के लिए बृहस्पतिवार को कांग्रेस आलाकमान का आभार व्यक्त किया और कहा कि वह तथा अन्य नेता एक टीम के रूप में काम करते हुए ‘नया केरल’ बनाएंगे और जनता से किए वादों को पूरा करेंगे।
मुख्यमंत्री पद के लिए कांग्रेस आलाकमान की ओर से अपने नाम की घोषणा के बाद सतीशन ने यह भी कहा कि अब केरल में नया युग शुरू होगा।
सतीशन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘केरल के लोगों ने हमें एक बड़ी जिम्मेदारी दी है। उन्होंने 10 साल लंबे वामपंथी शासन को समाप्त किया और 140 विधानसभा सीटों में से 102 सीटों पर हमें जीत दिला कर सत्ता सौंपी। इसलिए, हमने जनता से जो वादा किया है, हम उसे एक-एक करके पूरा करेंगे।’’
उनका कहना था, ‘‘हम सभी लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने, केरल को बदलने, एक नया केरल बनाने और 'पुथु युगम' (नया युग) शुरू करने के लिए समर्पण के साथ कड़ी मेहनत करेंगे।’’
सतीशन ने यह भी कहा, ‘‘हम राजनीतिक और सार्वजनिक कार्य की परिभाषा फिर से लिखेंगे।''
केरल के भावी मुख्यमंत्री ने कांग्रेस के संगठन महासचिव के सी वेणुगोपाल को भी धन्यवाद दिया और कहा कि उन्होंने पार्टी के प्रयासों में समन्वय किया और सभी कार्यों में सहयोग दिया, जिससे राज्य विधानसभा चुनाव में पार्टी को बड़ी जीत हासिल करने में मदद मिली।