his experiences of working with Modi for 35 years.
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के साथ 35 साल काम करने के अपने अनुभव के आधार पर एक किताब लिखी है जिसे उन्होंने ‘अपनापन’ नाम दिया है।
इसमें 1990 के दशक की शुरुआत में जमीनी स्तर पर संगठन के काम से लेकर केंद्रीय कैबिनेट तक की चौहान की यात्रा के अनुभव हैं।
चौहान ने बृहस्पतिवार को यहां एक प्रेस वार्ता में किताब की घोषणा करते हुए कहा कि यह संस्मरण 1991 की ‘एकता यात्रा’ के दौरान शुरू हुए रिश्ते को दिखाता है, जब वह और मोदी दोनों पार्टी कार्यकर्ता थे, और तब से चौहान मुख्यमंत्री, केंद्रीय मंत्री और मोदी के राजनीतिक सहयोगी के तौर पर काम कर रहे हैं।
चौहान ने कहा, ‘‘दुनिया मोदी को एक निर्णायक नेता के तौर पर देखती है। मैंने उन्हें एक साधक, कर्मयोगी, देश के हित के लिए पूरी तरह समर्पित व्यक्ति के तौर पर करीब से देखा है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘देर रात तक काम करने के बाद भी, वह अगले ही दिन उसी ऊर्जा और स्पष्टता के साथ सामने आते हैं।’’
किताब का औपचारिक विमोचन 26 मई को पूसा के एनएएससी परिसर में पूर्व उप राष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा करेंगे।
चौहान ने ‘एकता यात्रा’ का जिक्र करते हुए कहा कि इसे मोदी ने काफी बड़ा बना दिया और उनकी सोच सिर्फ लाल चौक पर तिरंगा फहराने की नहीं थी, बल्कि युवाओं के दिलों में राष्ट्रीय गौरव जगाने की थी।