Why does Rahul want to ruin the future of India's current generation at the hands of urban Naxals: Adityanath
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के मनु स्मृति वाले बयान की तीखी आलोचना करते हुए उनसे सवाल किया कि वह क्यों अर्बन नक्सलियों के हाथों भारत की वर्तमान पीढ़ी के भविष्य को खराब करना चाहते हैं?
रायबरेली के सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के गढ़ में मनुस्मृति को लेकर उनके पुणे में दिये गये कथित बयान का जिक्र करते हुए योगी आदित्यनाथ ने यह भी कहा कि भारत को राहुल गांधी से व्यक्तिगत तौर पर कोई उम्मीद नहीं है लेकिन लोकसभा में आपके पास जो नेता प्रतिपक्ष का पद है उससे जरूर उम्मीद है।
अपने सवालों को विस्तार देते हुए आदित्यनाथ ने कहा ''आप क्यों भारत की विरासत को बर्बाद करना चाहते हैं, क्यों भारत के भविष्य के साथ खिलवाड़ करना चाहते हैं ? आपसे एक जिम्मेदार नेता प्रतिपक्ष के रूप में सकारात्मक भूमिका की अपेक्षा यह देश रखता था, लेकिन आपने उन भूमिकाओं को बर्बाद कर दिया।''
मुख्यमंत्री ने कहा ''आपने उन जिम्मेदारियों से अपने आपको पूरी तरह अलग कर दिया। अमेठी और रायबरेली इस परिवार को ढोता तो रहा, लेकिन इस क्षेत्र के सामने इस परिवार ने हमेशा पहचान का संकट खड़ा किया।''