Whistleblower who complained about use of fake certificates in police recruitment found hanging
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
महाराष्ट्र के बीड जिले में एक व्यक्ति के पेड़ से लटकने का मामला सामने आया है, जिसने पुलिस बल में नौकरी के लिए आवेदन करने के वास्ते खेल से जुड़े फर्जी प्रमाणपत्र मुहैया कराने वाले एक गिरोह का कथित तौर पर भंडाफोड़ किया था। एक अधिकारी ने शुक्रवार को यह जानकारी दी।
बीड ग्रामीण थाने के एक अधिकारी ने बताया कि वैभव चौहान (26) बृहस्पतिवार को इमामपुर गांव में मृत पाया गया। उन्होंने बताया कि यह आत्महत्या का मामला प्रतीत होता है।
अधिकारी के मुताबिक, चौहान इस गांव का निवासी नहीं था। उन्होंने इस बात की पुष्टि नहीं की कि वह वही व्यक्ति था जिसने उस गिरोह के बारे में शिकायत दर्ज कराई थी जिसे पुणे पुलिस ने दो महीने पहले बेनकाब किया था।
अधिकारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आकस्मिक मौत का मामला दर्ज किया गया है।
उन्होंने कहा, ‘‘प्रारंभिक रिपोर्ट से पता चलता है कि यह फांसी लगाकर आत्महत्या का मामला है। फिलहाल हमें कोई शिकायत नहीं मिली है।’’
अधिकारी ने बताया कि उन्हें मौखिक सूचना भी मिली है कि चौहान ने इससे पहले फर्जी प्रमाणपत्रों को लेकर शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, इस संबंध में कोई औपचारिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई है।
उन्होंने कहा कि मामले की जांच की जा रही है।