Central Market was bustling with activity on Dhanteras, with huge discounts on ladies' suits and jewellery.
अर्सला खान/नई दिल्ली
दिल्ली की मशहूर लाजपत नगर सेंट्रल मार्केट में धनतेरस के मौके पर रौनक देखने लायक रही। बाजार रंग-बिरंगी रोशनी, सजी हुई दुकानों और खरीदारी करने आए लोगों से गुलजार नजर आया। सोना-चांदी, कपड़े, होम डेकोर और बच्चों के कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। खास बात यह रही कि बाजार में केवल स्थानीय लोग ही नहीं, बल्कि अलग-अलग समुदायों और अफगानिस्तान से आए लोग भी त्योहार की खरीदारी करते नजर आए।
धनतेरस के मौके पर आवाज द वॉयस की टीम लाजपत नगर की सेंट्रल मार्केट पहुंची और वहां के दुकानदारों और खरीदारी करने आए लोगों से बातचीत की। इस दौरान बाजार की रौनक के साथ-साथ दुकानदारों के कारोबार और लोगों की खरीदारी से जुड़ी दिलचस्प बातें सामने आईं।
सात साल से हैंडीक्राफ्ट का कारोबार कर रहे हैं संतोष कुमार
मार्केट में हैंडीक्राफ्ट का काम करने वाले संतोष कुमार पिछले सात साल से यहां अपनी दुकान चला रहे हैं। उनकी दुकान पर वॉल हैंगिंग, टेबल क्लॉथ और पर्दों समेत घर सजाने के कई सामान मिलते हैं। संतोष कुमार ने बताया कि उनकी दुकान पर करीब 700 से 800 रुपये की रेंज में भी कई तरह के होम डेकोर प्रोडक्ट उपलब्ध हैं। त्योहारों के मौके पर लोग अपने घरों को सजाने के लिए इस तरह के सामान खरीदना पसंद करते हैं।
सलमान की कपड़ों की दुकानों पर भी दिखी भीड़
धनतेरस पर कपड़ों की दुकानों में भी अच्छी रौनक देखने को मिली। मार्केट में पिछले 16 साल से कारोबार कर रहे सलमान भाई की कपड़ों की दुकानों पर ग्राहकों की आवाजाही बनी हुई थी। उनकी यहां महिलाओं के कपड़ों की रिटेल से जुड़ी तीन दुकानें हैं। त्योहार के मौके पर लोग अपने और परिवार के लिए नए कपड़ों की खरीदारी करते नजर आए।
चार दिनों में बिके करीब 2,000 सूट
मार्केट में चंदन कुमार की दुकान भी ग्राहकों के आकर्षण का केंद्र रही। वह पिछले 10 साल से लाजपत नगर में कारोबार कर रहे हैं। चंदन कुमार ने बताया कि धनतेरस के मौके पर पिछले चार दिनों में वह करीब 2,000 सूट बेच चुके हैं।
खास बात यह है कि चंदन कुमार केवल रिटेल कारोबार ही नहीं करते, बल्कि मैन्युफैक्चरिंग का काम भी करते हैं। उनके अपने डिजाइन किए हुए सूट 'चंदन सूट्स' के नाम से बाजार में उपलब्ध हैं। त्योहारों के दौरान उनके यहां ग्राहकों की अच्छी मांग रहती है।
दीप्ति डावर बेचती हैं भगवान की पोशाक
लाजपत नगर मार्केट में बच्चों के कपड़ों की दुकानों पर भी खूब रौनक रही। यहां करीब 10 साल से कारोबार कर रहीं दीप्ति डावर की बच्चों के कपड़ों से जुड़ी लगभग पांच दुकानें हैं। उनकी दुकानों पर बच्चों के कपड़ों के साथ-साथ भगवान की पोशाक भी मिलती है। त्योहार के समय लोग बच्चों की खरीदारी के अलावा पूजा और सजावट से जुड़ा सामान भी खरीदते नजर आए।
Gen Z भी कर रही है जमकर खरीदारी
धनतेरस पर खरीदारी का उत्साह केवल बुजुर्गों और परिवारों तक सीमित नहीं रहा, बल्कि Gen Z यानी युवाओं में भी त्योहार को लेकर खास उत्साह देखने को मिला। आवाज द वॉयस की टीम ने बाजार में खरीदारी करने आईं तन्वी, सुरभि और स्वाति से बातचीत की। उन्होंने बताया कि धनतेरस पर सोना और चांदी खरीदना शुभ माना जाता है। मान्यता है कि इससे घर में सुख-समृद्धि आती है। इसके अलावा उन्होंने बताया कि इस दिन झाड़ू खरीदने की भी परंपरा है, जिसे घर की खुशहाली और सकारात्मकता से जोड़कर देखा जाता है।
धनतेरस पर बाजार में अफगानी भी कर रहे हैं खरीदारी
लाजपत नगर की सेंट्रल मार्केट में धनतेरस के मौके पर एक और खास नजारा देखने को मिला। यहां अलग-अलग धर्मों और समुदायों के लोग त्योहार की खरीदारी करते नजर आए। बाजार में कई अफगानी नागरिक भी खरीदारी के लिए पहुंचे थे।
त्योहार की इस रौनक में धर्म और समुदाय की सीमाएं कहीं नजर नहीं आईं। दुकानदारों से लेकर ग्राहकों तक, हर कोई बाजार की चहल-पहल और त्योहार के उत्साह में शामिल दिखाई दिया।
बाजार की रौनक ने बढ़ाई त्योहार की खुशियां
धनतेरस के मौके पर लाजपत नगर की सेंट्रल मार्केट में दिखी भीड़ और कारोबारियों का उत्साह इस बात की गवाही दे रहा था कि त्योहार केवल खरीदारी का अवसर नहीं, बल्कि लोगों को जोड़ने का भी माध्यम है। कहीं दुकानदार अपने कारोबार की सफलता से खुश थे, तो कहीं युवा अपनी पसंद की चीजें खरीदते नजर आए।