आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
दिल्ली विकास प्राधिकरण (डीडीए) ने शुक्रवार को धनतेरस पर अपनी नयी ‘डीडीए खुशहाल परिवार योजना 2026’ शुरू की। इसके तहत मध्यम आय वर्ग (एमआईजी) के 445 फ्लैट पंजीकरण के लिए उपलब्ध कराए गए हैं। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।
योजना के तहत लोकनायकपुरम में 132, नरेला के सेक्टर ए-1 से ए-4 में 296 और जहांगीरपुरी में 17 फ्लैट उपलब्ध हैं।
एक आधिकारिक अधिसूचना के अनुसार, योजना के तहत फ्लैट के पंजीकरण की प्रक्रिया छह नवंबर (धनतेरस) से और बुकिंग 16 नवंबर से शुरू होगी।
पंजीकरण और बुकिंग डीडीए के आवास पोर्टल के माध्यम से ‘डीडीए खुशहाल परिवार योजना’ नामक योजना के तहत की जाएगी।
एमआईजी फ्लैट के लिए बुकिंग राशि चार लाख रुपये है। इसके अलावा, एक बार लगने वाला 2,500 रुपये का गैर-वापसी योग्य पंजीकरण शुल्क भी देना होगा। पोर्टल पर पहले ही पंजीकरण करा चुके आवेदकों को दोबारा इसे कराने की जरूरत नहीं है।