पश्चिम बंगाल में श्यामा प्रसाद मुखर्जी जयंती पर होगा सरकारी अवकाश, 125 फुट ऊंची प्रतिमा भी बनेगी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 22-06-2026
West Bengal to declare Shyama Prasad Mukherjee's birth anniversary a public holiday
West Bengal to declare Shyama Prasad Mukherjee's birth anniversary a public holiday

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
पश्चिम बंगाल की भाजपा सरकार ने भारतीय जनसंघ के संस्थापक श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सरकारी अवकाश घोषित करने समेत उनकी स्मृति में कई कार्यक्रम शुरू करने का निर्णय लिया है।

यह घोषणा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा दो दिन पहले ‘पश्चिमबंग दिवस’ समारोह के दौरान बंगाल के विभाजनकालीन इतिहास का उल्लेख करते हुए मुखर्जी को पश्चिम बंगाल को भारत का हिस्सा बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने का श्रेय दिए जाने के बाद की गई है।
 
पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार का पहला बजट पेश करते हुए वित्त मंत्री स्वपन दासगुप्ता ने सोमवार को कहा कि छह जुलाई को श्यामा प्रसाद मुखर्जी की जयंती पर सरकारी अवकाश रहेगा।
 
दासगुप्ता ने घोषणा की कि प्रदेश सरकार मुखर्जी की 125 फुट ऊंची प्रतिमा स्थापित करेगी तथा उनकी विरासत को संरक्षित करने के लिए पुस्तकालय और शोध केंद्र की स्थापना हेतु 200 करोड़ रुपये आवंटित करेगी।
 
हिंदू महासभा के पूर्व अध्यक्ष और बाद में भारतीय जनसंघ के संस्थापक रहे मुखर्जी पश्चिम बंगाल में भाजपा की राजनीतिक एवं वैचारिक सोच के केंद्र में महत्वपूर्ण स्थान रखते हैं।
 
बजट में बंकिमचंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचित राष्ट्रीय गीत ‘वंदे मातरम्’ की 150वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में एक आधुनिक संग्रहालय-सह-सांस्कृतिक केंद्र स्थापित करने का भी प्रस्ताव रखा गया है।