आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय विशिष्ट पहचान प्राधिकरण (यूआईडीएआई) की तरफ से पेश नए 'आधार' मोबाइल ऐप को पांच माह के भीतर ही 3.1 करोड़ से अधिक बार डाउनलोड किया जा चुका है।
सोमवार को जारी आधिकारिक बयान के मुताबिक, इस ऐप के माध्यम से करीब 40 लाख उपयोगकर्ताओं ने अपने मोबाइल नंबर को अद्यतन किया है, जबकि लगभग 8.5 लाख लोगों ने पते में संशोधन की सुविधा का उपयोग किया है।
प्राधिकरण ने कहा कि पांच महीने पहले पेश किए गए इस ऐप को देशभर में तेजी से स्वीकृति मिल रही है और इसका बढ़ता उपयोग इस पर लोगों के बढ़ते भरोसा जताता है।
यह नया आधार ऐप स्मार्टफोन के जरिये मोबाइल नंबर और पते को अद्यतन करने समेत कई सेवाएं उपलब्ध कराता है। इसमें मौजूद क्यूआर कोड के माध्यम से संपर्क विवरण डिजिटल रूप से साझा करने की सुविधा भी है, जिससे विजिटिंग कार्ड रखने की जरूरत खत्म हो जाती है।
बयान के मुताबिक, ऐप में एक क्लिक के जरिये बायोमेट्रिक लॉक/अनलॉक, उपस्थिति प्रमाण के लिए चेहरा सत्यापन, प्रमाणीकरण इतिहास और क्यूआर आधारित संपादन योग्य संपर्क कार्ड जैसी सुविधाएं शामिल हैं।