आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारत में 17 साल बाद 17 से 23 अगस्त के बीच हो रही बीडब्ल्यूएफ विश्व चैम्पियनशिप के इंदिरा गांधी इंडोर स्टेडियम के 6000 टिकट 499 से 5500 रूपये के बीच उपलब्ध होंगे ।
भारतीय बैडमिंटन संघ ने सोमवार को घोषणा की कि बुक माय शो इसका आधिकारिक टिकट साझेदार होगा । टिकटों की बिक्री सोमवार से शुरू होगी ।
टिकट 499 रूपये से उपलब्ध होंगे और छह श्रेणियों में खरीदे जा सकेंगे । निर्धारित समय तक प्रशंसकों को बाकी श्रेणियों के टिकटों पर 15 प्रतिशत छूट भी मिलेगी । प्रीमियर सीटें 5500 के टिकट पर मिलेंगी ।
बीएआई महासचिव संजय मिश्रा ने एक विज्ञप्ति में कहा ,‘‘ हमारा लक्ष्य एक विश्व स्तरीय टूर्नामेंट की मेजबानी करना ही नहीं बल्कि प्रशंसकों को यादगार अनुभव भी देना है । इसके लिये बुक माय शो से साझेदारी करके हमें अपार खुशी हो रही है ।’’
भारत के शीर्ष सितारे लक्ष्य सेन, पी वी सिंधू, सात्विक साइराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी के इसमें भाग लेने की संभावना है ।
भारत ने पिछली बार 2009 में हैदराबाद में इसकी मेजबानी की थी ।