अपराधियों, अवैध रूप से रह रहे विदेशियों के खिलाफ कार्रवाई कर रही पश्चिम बंगाल सरकार : राज्यपाल

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-06-2026
West Bengal government taking action against criminals, illegal foreigners: Governor
West Bengal government taking action against criminals, illegal foreigners: Governor

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
 पश्चिम बंगाल के राज्यपाल आर. एन. रवि ने बृहस्पतिवार को कहा कि राज्य की नयी भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सरकार पिछली सरकार के शासन में कथित रूप से पनपी ‘‘धमकाने की संस्कृति’’ और भ्रष्टाचार के गिरोहों को खत्म करेगी।
 
रवि ने कानून-व्यवस्था बहाल करने, अवैध घुसपैठ रोकने, उद्योगों को पुनर्जीवित करने और केंद्र की कल्याणकारी योजनाओं को लागू करने पर विशेष जोर देते हुए सरकार के कामकाज की रूपरेखा पेश की।
 
उन्होंने भाजपा के मई में सत्ता संभालने के बाद नवगठित विधानसभा के पहले सत्र में परंपरागत अभिभाषण देते हुए कहा कि नयी सरकार ने असामाजिक तत्वों, जबरन वसूली करने वाले गिरोहों और अवैध खनन से जुड़े नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है। उन्होंने कहा कि सरकार ने राष्ट्रीय सुरक्षा और नागरिकों की सुरक्षा को अपने एजेंडे के केंद्र में रखा है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘नयी सरकार ने उन असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी है, जिन्हें पिछली सरकार का संरक्षण प्राप्त था। सरकार धमकाने की संस्कृति और भ्रष्टाचार के गिरोहों को भी खत्म करेगी।’’
 
राज्यपाल ने अपने अभिभाषण में नयी सरकार की प्राथमिकताओं की पिछली तृणमूल कांग्रेस सरकार की नीतियों से कई बार तुलना की। उन्होंने कहा कि अवैध रूप से रह रहे विदेशियों और घुसपैठियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है तथा सीमा सुरक्षा सरकार की प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
 
रवि ने कहा, ‘‘मेरी सरकार अवैध घुसपैठ रोकने और अवैध रूप से रह रहे विदेशी नागरिकों की पहचान कर उन्हें देश से बाहर भेजने के लिए कड़ी कार्रवाई करने को प्रतिबद्ध है।’’
 
उन्होंने कहा कि सरकारी भूमि पर अतिक्रमण भी रोका जाएगा।
 
रवि ने सीमा संबंधी बुनियादी ढांचे को मजबूत करने के लिए सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) को भूमि उपलब्ध कराने के राज्य सरकार के फैसले की सराहना की। उन्होंने कहा कि इस कदम से राष्ट्रीय सुरक्षा मजबूत होगी और सीमावर्ती इलाकों में रहने वाले लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी।