कनाडा की सीपीपी इन्वेस्टमेंट्स भारत में कंट्रोलएस डेटा सेंटर्स में 7,000 करोड़ रुपये का निवेश करेगी

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 18-06-2026
Canada's CPP Investments to invest Rs 7,000 crore in ControlSys data centres in India
Canada's CPP Investments to invest Rs 7,000 crore in ControlSys data centres in India

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली 

 
कंट्रोलएस डेटा सेंटर्स ने कनाडा पेंशन प्लान इन्वेस्टमेंट बोर्ड (सीपीपी इन्वेस्टमेंट्स) से अधिकतम 7,000 करोड़ रुपये के निवेश की प्रतिबद्धता हासिल की है। यह निवेश 44,914 करोड़ रुपये के मूल्यांकन पर भारत में अपने परिचालन का विस्तार करने के लिए किया जाएगा।
 
इस साझेदारी के अनुसार, सीपीपी इन्वेस्टमेंट्स 4,000 करोड़ रुपये का निवेश कर कंट्रोलएस में 8.2 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल करेगा। वहीं 3,000 करोड़ रुपये तक का निवेश एक संयुक्त उद्यम (जेवी) स्थापित करने के लिए होगा, जिसका उद्देश्य पूरे देश में हाइपरस्केल डेटा सेंटर परिसरों का विकास करना है।
 
बयान के अनुसार, इस संयुक्त उद्यम में सीपीपी की 48 प्रतिशत जबकि कंट्रोलएस के पास 52 प्रतिशत की बहुलांश हिस्सेदारी होगी।
 
इस पूंजी निवेश का उद्देश्य अगली पीढ़ी के डेटा सेंटर बुनियादी ढांचे के विकास को तेज करना है।
 
कंट्रोलएस के संस्थापक एवं मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) श्रीधर पिन्नापुरेड्डी ने कहा, ‘‘ भारत का एआई क्षण अभी आने वाला नहीं है बल्कि यह पहले से ही आ चुका है। हाइपरस्केलर, क्लाउड सेवा प्रदाताओं और उद्यमों से मांग के संकेत स्पष्ट हैं. सीपीपी इन्वेस्टमेंट्स के साथ हमारी साझेदारी केवल क्षमता बढ़ाने के लिए नहीं है, बल्कि दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण डिजिटल बाजारों में से एक में कृत्रिम मेधा (एआई)-तैयार बुनियादी ढांचे के मानक स्थापित करने के लिए है।’’
 
कंट्रोलएस वर्तमान में भारत के नौ शहरों में 19 डेटा सेंटर संचालित करती है, जिनकी कुल क्षमता 370 मेगावाट से अधिक है।