आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
भारतीय महिला क्रिकेट टीम के मुख्य कोच अमोल मजूमदार ने कहा कि टीम भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एशियाई क्रिकेट परिषद के पाकिस्तानी प्रमुख मोहसिन नकवी से एशिया कप ट्रॉफी स्वीकार नहीं करने के रुख का समर्थन करती है और खिलाड़ियों के लिए टूर्नामेंट जीतना ही ‘‘काफी अच्छा’’ है।
हरमनप्रीत कौर की अगुवाई वाली भारतीय टीम ने रविवार को फाइनल में श्रीलंका को 72 रन से करारी शिकस्त देकर रिकॉर्ड आठवीं बार टूर्नामेंट जीता। लेकिन उन्होंने एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) के मौजूदा अध्यक्ष नकवी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया। नकवी पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष होने के साथ-साथ अपने देश के गृह मंत्री भी हैं।
मजूमदार ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘बीसीसीआई ने यह रुख अपनाया है और हम इस पर कायम हैं। हमारे लिए यह टूर्नामेंट खत्म हो चुका है। हम चैंपियन हैं। हमारे लिए यही काफी है। बड़े बोर्ड पर साफ लिखा था कि भारत एशिया कप 2026 का चैंपियन है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘यह टूर्नामेंट समाप्त हो गया है। हमारे लिए आधिकारिक तौर पर समाप्त हो गया है। हमें खुशी है कि हम चैंपियन बने। हमारा ध्यान अब एशियाई खेलों पर है।’’
इससे पहले 2025 में भारतीय पुरुष टीम ने भी एशिया कप जीतने पर नक़वी से ट्रॉफी लेने से इनकार कर दिया था। सूर्यकुमार यादव के नेतृत्व वाली टीम ने उसी वर्ष हुए पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में नक़वी से ट्रॉफी स्वीकार नहीं की थी। उस आतंकी हमले में 26 लोग मारे गए थे।