विजयन ने वायनाड सुरंग की मंज़ूरी पर मुख्यमंत्री की टिप्पणी को खारिज किया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 09-07-2026
Vijayan rejects CM's remarks on Wayanad tunnel approval
Vijayan rejects CM's remarks on Wayanad tunnel approval

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 केरल विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष पिनराई विजयन ने बृहस्पतिवार को वायनाड सुरंग मार्ग परियोजना के लिए पर्यावरण मंज़ूरी के बारे में मुख्यमंत्री वी.डी. सतीशन की टिप्पणियों को खारिज करते हुए आरोप लगाया कि सरकार हाल ही में हुए भूस्खलन की आपदा से निपटने में अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने की कोशिश कर रही है।
 
वायनाड में भूस्खलन से प्रभावित इलाके का दौरा करने के बाद विजयन ने पत्रकारों से कहा कि अनाक्कोम्पोयिल-मेप्पाडी सुरंग परियोजना के लिए पर्यावरण मंज़ूरी एक पारदर्शी और कानूनी रूप से सही प्रक्रिया के ज़रिए ली गई थी, न कि किसी ‘‘हेरफेर’’ से, जैसा कि मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया है।
 
उन्होंने कहा, ‘‘सबकुछ पारदर्शिता के साथ किया गया।’’
 
अधिकारियों ने बताया कि वायनाड भूस्खलन के बाद बृहस्पतिवार को घटनास्थल से तीन और शव मिलने से मरने वालों की संख्या बढ़कर छह हो गई है।
 
विजयन ने कहा कि पर्यावरण पर पड़ने वाले प्रभाव का अध्ययन 2023 में तय प्रक्रिया के तहत पूरा किया गया और इसके बाद परियोजना को राज्य तथा केंद्र, दोनों सरकारों से स्वीकृति मिली थी।
 
विजयन ने राज्य के मंत्रियों पर ज़िम्मेदारी से बचने के लिए ‘‘दोष दूसरों पर मढ़ने की कोशिश’’ करने का आरोप लगाते हुए कहा कि सरकार की नाकामियों को छिपाने के लिए जान-बूझकर विवाद खड़ा किया जा रहा है।
 
नेता प्रतिपक्ष ने आपदा की तैयारी में गंभीर खामियों का आरोप लगाते हुए कहा कि क्षेत्र में भारी बारिश हुई, लेकिन पर्याप्त एहतियाती उपाय नहीं किए गए।
 
उन्होंने सवाल किया कि पहले से कोई प्रभावी चेतावनी क्यों नहीं दी गई। विजयन ने आरोप लगाया कि भूस्खलन से पहले केवल ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया।
 
मीडिया में आईं खबरों का हवाला देते हुए उन्होंने दावा किया कि आपदा आने के बाद ही ‘रेड अलर्ट’ जारी किया गया।