आठ जुलाई : बंगाल की दो महान विभूतियों का जन्मदिन

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 08-07-2026
July 8: Birthday of two great personalities of Bengal
July 8: Birthday of two great personalities of Bengal

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
भारत के इतिहास में आठ जुलाई की तारीख एक खास दिन के तौर पर दर्ज है। इस दिन पश्चिम बंगाल में कद्दावर राजनीतिज्ञ ज्योति बसु और भारतीय क्रिकेट के सबसे सफल कप्तानों में शुमार सौरव गांगुली का जन्म हुआ था।
 
कम्युनिस्ट राजनीति के पितामह कहे जाने वाले ज्योति बसु के नाम किसी राज्य के मुख्यमंत्री पद पर सर्वाधिक लंबे समय तक आसीन रहने का अनोखा रिकार्ड रहा था, जो उनकी लोकप्रियता को दिखाता है। उनका कार्यकाल भूमि सुधारों के लिए प्रसिद्ध रहा है।
 
पश्चिम बंगाल की सरजमीं पर इसी दिन सौरव गांगुली का भी जन्म हुआ था और उन्होंने अपने जुझारू एवं आक्रामक तेवर से भारतीय क्रिकेट की सूरत ही बदल दी। बाएं हाथ के इस मध्यक्रम के बल्लेबाज ने भारतीय क्रिकेट में आत्मविश्वास भरा और टीम को आखिरी गेंद तक भी हार नहीं मानने वाली टीम में रूपांतरित कर दिया।
 
आठ जुलाई 2020 को मशहूर हास्य कलाकार-अभिनेता जगदीप ने 81 वर्ष की उम्र में अंतिम श्वांस ली । फिल्मी दुनिया में जगदीप के नाम से मशहूर हुए इस कलाकार का वास्तविक नाम सैयद इश्तियाक अहमद जाफरी था।
 
जगदीप ने वर्ष 1951 में फिल्म ''अफसाना'' से अपनी सिने यात्रा की शुरुआत की थी, और करीब 400 फिल्मों में काम किया लेकिन 1975 में आई फिल्म शोले के सूरमा भोपाली के उनके किरदार को प्रशंसक आज भी याद करते हैं। उनका डायलॉग ''हमारा नाम सूरमा भोपाली ऐसे ही नहीं है'' काफी मशहूर हुआ।
 
देश-दुनिया के इतिहास में आठ जुलाई की तारीख पर दर्ज प्रमुख घटनाओं का सिलसिलेवार ब्योरा इस प्रकार है:-
 
1497 : पुर्तगाली नाविक वास्को डी गामा अपने जहाज से रवाना हुये और भारत की यात्रा समुद्र से करने वाले पहले यूरोपीय बने।
 
1792 : फ्रांस ने पर्शिया के खिलाफ युद्ध की घोषणा की।
 
1836 : महान वैज्ञानिक चार्ल्स डार्विन शोध करने सेंट हेलेना पहुंचे।
 
1914 : कद्दावर वामपंथी नेता और पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री पद पर लंबे समय तक कार्यरत रहे ज्योति बसु का जन्म।
 
1963 : अमेरिका ने क्यूबा के साथ अपने सभी वित्तीय लेनदेन बंद किए।
 
1972 : बतौर कप्तान भारतीय क्रिकेट को नए तेवर देने वाले खिलाड़ी सौरव गांगुली का जन्म।
 
1981 : फ्रांस के प्रधानमंत्री मॉरिस ने बैंकों और कुछ बड़े उद्योगों का राष्ट्रीयकरण किया।
 
1994 : उत्तर कोरिया के तानाशाह और संस्थापक किम इल सुंग का निधन।
 
2007 : पूर्व प्रधानमंत्री एवं समाजवादी नेता चंद्रशेखर का निधन।
 
2016 : पाकिस्तान के विश्व प्रसिद्ध ईधी फाउंडेशन के संस्थापक अब्दुल सत्तार ईधी का निधन।
 
2019 : उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में यात्रियों से भरी एक बस यमुना एक्सप्रेसवे से फिसलकर 20 फुट गहरे नाले में गिर गई जिससे 29 लोगों की मौत हो गई और 23 अन्य घायल हो गए।
 
2020 : मशहूर हास्य कलाकार-अभिनेता जगदीप का 81 वर्ष की उम्र में निधन ।
 
2022 : जापान के पूर्व प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गोली मारकर हत्या ।
 
2023 : सूडान में हवाई हमले में 22 लोगों की मौत।
 
2024 : इंडोनेशिया में सोने की अवैध खदान में भूस्खलन के कारण 12 लोगों की मौत। यूक्रेन की राजधानी कीव में बच्चों के एक अस्पताल सहित अन्य स्थानों पर रूस के हमले में 31 लोगों की मौत, 154 घायल।
 
2025 : उत्तरी गाजा में विस्फोट में पांच इजराइली सैनिकों की मौत, इजराइली हमलों में 51 फलस्तीनी मारे गए ।