आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बृहस्पतिवार को कहा कि ऑस्ट्रेलियनसुपर भारत के राष्ट्रीय निवेश एवं अवसंरचना कोष (एनआईआईएफ) में बुनियादी ढांचा विकास के लिए 50 करोड़ ऑस्ट्रेलियाई डॉलर (करीब 34.7 करोड़ अमेरिकी डॉलर) का अतिरिक्त निवेश कर अपनी प्रतिबद्धता और मजबूत करेगा।
उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा कि इस निवेश के बाद भारत में सभी परिसंपत्ति वर्गों में ऑस्ट्रेलियनसुपर का कुल निवेश बढ़कर 3.3 अरब ऑस्ट्रेलियाई डॉलर हो जाएगा।
सीतारमण ने लिखा, ‘‘ भारत में अधिक निवेश को बढ़ावा देने और एनआईआईएफ को मजबूत करने के लिए प्रधानमंत्री कार्यालय का आभार। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत दुनिया की सबसे तेजी से बढ़ती अर्थव्यवस्था बना हुआ है। एनआईआईएफ पर अपना भरोसा बनाए रखने के लिए ऑस्ट्रेलियनसुपर का धन्यवाद।’’
इससे पहले दिन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने कहा था कि भारत निवेश कोषों के लिए सुरक्षित, स्थिर और टिकाऊ वृद्धि का अवसर प्रदान करता है।
ऑस्ट्रेलियनसुपर, ऑस्ट्रेलिया का सबसे बड़ा पेंशन कोष है। इसका मुख्यालय मेलबर्न में है।
बुनियादी ढांचा एवं राष्ट्रीय महत्व के अन्य क्षेत्रों में निवेश के प्रति भारत की प्रतिबद्धता को और मजबूत करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए केंद्रीय मंत्रिमंडल ने पिछले महीने राष्ट्रीय निवेश एवं अवसंरचना कोष (एनआईआईएफ) की नई एवं आगामी योजनाओं के लिए केंद्र सरकार की ओर से 30,000 करोड़ रुपये की अतिरिक्त निवेश प्रतिबद्धता को मंजूरी दी थी।