Venugopal criticises order to convert Kerala Lok Bhavan kitchen into a vegetarian kitchen
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
कांग्रेस महासचिव के.सी. वेणुगोपाल ने केरलम के नये राज्यपाल ओम प्रकाश माथुर के उस फैसले की शुक्रवार को कड़ी आलोचना की, जिसमें उन्होंने लोकभवन की रसोई को कथित तौर पर पूरी तरह से शाकाहारी बनाने का निर्देश दिया है। वेणुगोपाल ने आरोप लगाया कि यह संघ परिवार के ‘‘असंवैधानिक हितों’’ को दर्शाता है।
मीडिया के एक वर्ग में आई खबरों के अनुसार, माथुर ने निर्देश दिया कि लोक भवन की रसोई में मांसाहारी व्यंजन न तो तैयार किया जाए और न ही परोसा जाए। बृहस्पतिवार को स्थानीय मीडिया की खबरों में यह बात सामने आई।
माथुर ने शुक्रवार को केरलम के राज्यपाल का पदभार संभाला है।
इन खबरों पर प्रतिक्रिया देते हुए, लोकभवन के सूत्रों ने बताया कि माथुर पूरी तरह से शाकाहारी हैं और इसलिए उन्होंने रसोई में मांसाहारी भोजन न बनाने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों की अपनी पसंद के भोजन पर कोई पाबंदी नहीं है।