शिवकुमार ने पोलैंड को 2027 के वैश्विक निवेशक सम्मेलन में साझेदार बनने का न्योता दिया

Story by  PTI | Published by  [email protected] | Date 23-10-2026
Shivakumar invites Poland to partner in the 2027 Global Investors Summit
Shivakumar invites Poland to partner in the 2027 Global Investors Summit

 

आवाज द वॉयस/नई दिल्ली

 
 कर्नाटक के मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार ने पोलैंड को राज्य के वैश्विक निवेशक सम्मेलन 2027 में साझेदार देश के रूप में भाग लेने के लिए शुक्रवार को आमंत्रित किया और टीजेडएमओ समूह के 80 करोड़ रुपये के प्रस्तावित निवेश का भी स्वागत किया।
 
इससे पहले, शिवकुमार ने पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क से मुलाकात की और उनका अभिनंदन किया।
 
शिवकुमार ने कहा, ‘‘पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क और पोलैंड के प्रतिनिधिमंडल का प्रौद्योगिकी, नवाचार और उद्यमिता के वैश्विक केंद्र कर्नाटक के बेंगलुरु में स्वागत करते हुए मुझे खुशी हो रही है।’’
 
मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) की ओर से जारी बयान के अनुसार, टस्क और शिवकुमार ने भारत-पोलैंड व्यापार मंच से इतर मुलाकात की और निवेश, कारोबार तथा प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में अवसरों से जुड़े मुद्दों पर चर्चा की।
 
बयान के अनुसार, वैश्विक निवेशक सम्मेलन 2027 में कर्नाटक के साथ साझेदार बनने के लिए पोलैंड को आमंत्रित करते हुए शिवकुमार ने कहा कि राज्य निवेश, प्रौद्योगिकी, नवाचार और रोजगार के क्षेत्र में द्विपक्षीय सहयोग को और मजबूत करना चाहता है। इसके लिए बेंगलुरु के प्रौद्योगिकी तंत्र और उन्नत विनिर्माण, कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) तथा हरित ऊर्जा के क्षेत्र में पोलैंड की विशेषज्ञता का लाभ उठाया जाएगा।