Omar Abdullah launches projects worth Rs 14.33 crore in Beerwah, Jammu and Kashmir
आवाज द वॉयस/नई दिल्ली
जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शुक्रवार को बडगाम जिले के बीरवाह विधानसभा क्षेत्र में 14.33 करोड़ रुपये की नागरिक सुविधाओं और सड़क बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन किया और उनकी आधारशिला रखी।
अब्दुल्ला ने सुखनाग नाले पर बने दो पाटों (स्पैन) वाले ट्रस गर्डर पुल का उद्घाटन किया। पुल के प्रत्येक पाट की लंबाई 35 मीटर है। उन्होंने सुखनाग नाले के किनारे पैदल चलने के रास्ते और रोशनी की व्यवस्था करने तथा बीरवाह शहर के समग्र सौंदर्यीकरण की परियोजनाओं की आधारशिला भी रखी।
मुख्यमंत्री कार्यालय ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ मुख्यमंत्री ने आज बडगाम के बीरवाह में 14.33 करोड़ रुपये की नागरिक सुविधाओं और सड़क बुनियादी ढांचे से जुड़ी परियोजनाओं का उद्घाटन किया और आधारशिला रखी। इससे जिले में संपर्क सुविधा मजबूत होगी और सार्वजनिक सुविधाओं में सुधार होगा।’’
पोस्ट में कहा गया कि इन परियोजनाओं से आवाजाही आसान होगी, बेहतर सार्वजनिक स्थल विकसित होंगे और बीरवाह में पर्यटन की संभावनाओं को बढ़ावा मिलेगा।